भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने कहा मंत्री पद की ठसक न हो
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा है कि कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों न हो,संगठन के लिए आम कार्यकर्ता है। उन्होने मंत्रियों से उनकी अपेक्षाएं पूछी और कहा कि संगठन को सरकार के मंत्रियों से जो अपेक्षा है वह हर हाल में पूरी होना चाहिए। साथ ही कहा कि संगठन ने आपको जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसमें पद की ठसक और अभिमान नहीं दिखना चाहिए। आपके व्यवहार और स्वभाव में जनता की भलाई का वह भाव दिखना चाहिए जिसके निर्वहन की जिम्मेदारी आपको सौंपी गई है। ऐसा नहीं हो कि आप मंत्री बन गए तो मंत्री पद आप पर हावी हो जाए। आप बहुत से लोगों को पीछे छोड़कर यहां तक पहुंचे हैं तो उसका कितना लाभ आप जनता को दे सकते हैं और पार्टी हित में काम कर सकते हैं। इसका ध्यान रखने की जरूरत है। संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत व सह संगठन महामंत्री हितानंद की मौजूदगी में मंत्रियों से संवाद के दौरान कहीं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आपके दायित्व का लाभ जनता को अधिकतम मिले तो ही आपकी सफलता है। आप सरकार के चेहरे हैं। इसलिए जनता के बीच आपकी छवि काम करने वाली होनी चाहिए। संगठन के विस्तार की चर्चा करने के साथ सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार और मानीटरिंग पर भी उन्होंने मंत्रियों से चर्चा की।
मंत्रियों से पूछा- कितने दिन जनता के बीच जाते हैं.............
संगठन महामंत्री ने मंत्रियों से उनका वर्क प्लान मांगा और पूछा कि वे जनता के बीच प्रवास पर कितने दिन में जाते हैं? कब से जनता के बीच नहीं गए। कुछ मंत्रियों के प्रवास कम होने पर उन्होंने कहा कि 5 साल में एक बार जनता के बीच तो जाना ही पड़ता है और यदि आप नहीं गए तो जनता की नाराजगी ङोलनी पड़ती है। इसलिए जनता के साथ संपर्क और संवाद बनाए रखें। उन्होने कहा कि संगठन से मन मुटाव नहीं होना चाहिए। आपकी छवि जनता के बीच अच्छी रहेगी तो ही काम दिखेगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं को लेकर सीरियस रहना है और इसका फीडबैक लेना है कि पात्रता के बाद भी क्षेत्र के कौन लोग वंचित हैं? उन्हें लाभ दिलाने का काम करना है।
आधा दर्जन मंत्री नहीं पहुंचे, नाराजगी जताई............
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संतोष के साथ बैठक के लिए सुबह 10.30 बजे का समय तय किया था। इस समय तक बैठक के लिए संतोष के अलावा सीएम, प्रदेश अध्यक्ष शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव तो पहुंच गए ,लेकिन करीब आधा दर्जन मंत्री समय से नहीं पहुंच सके। इस पर संतोष ने नाराजगी जताई कि जब संगठन की बैठक में समय पर नहीं आ रहे तो बाकी कार्यक्रम में समय का कैसे ध्यान रखते होंगे? बैठक में न पहुंचने वालों में कमल पटेल, बिसाहू लाल सिंह, ऊषा ठाकुर, विजय शाह, प्रेम सिंह समेत अन्य शामिल हैं।