अखंड पाठ जी सम्पन्न, श्रद्वाभाव से चोले की सेवा
जबलपुर। पूरे विश्व में इंसानी भाईचारा,मानव सेवा और विश्वशांति का संदेश देने वाले सिक्ख धर्म के प्रवर्तक गुरुनानक देव के 552 वे पवित्र प्रकाशोत्सव पर शहर में भव्य आयोजन की तैयारियां हैं। सभी गुरुद्वारों की आकर्षक सजावट की गई है, वहीं मुख्य आयोजन मढ़ाताल गुरुद्वारा में किया जाएगा। श्री गुरु नानक एजुकेशनल सोसायटी मढ़ाताल द्वारा गुरु नानक देव जी के 552 वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रखे गए श्री अखंड पाठ जी की समाप्ति हुई। श्री गुरु नानक कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला मढ़ाताल स्थित प्रांगण में निशान साहिब के चोले की सेवा का आयोजन किया गया। सिक्ख सेवक जत्था द्वारा निशान साहिब लहराने की सेवा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400 वें शहीदी दिवस से 1975 में प्रारंभ की गई थी जो कि आज भी निरंतर सोसायटी के सहयोग से 47 वें वर्ष में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर श्री गुरु नानक एजुकेशनल सोसायटी के अध्यक्ष सरदार सरताज सिंह बेदी, उपाध्यक्ष सरदार गजिंदर सिंह बांगा, सचिव सरदार जसप्रीत सिंह आहूजा सहित प्रबंधन समिति के अन्य समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। सिक्ख सेवक जत्थे के अध्यक्ष सरदार गजिंदर सिंह बांगा ने सरबत के भले के लिए अरदास की। इसके बाद प्रसाद एवं गुरु का लंगर वितरित किया। शाला प्राचार्य दलजीत कौर एवं कॉलेज प्राचार्य विमलकांत सैनी द्वारा इस अवसर पर स्टाफ एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया ।