लॉर्डगंज थाने में दिया था आवेदन,आर्या ने पुलिस से कहा थैंक्स
जबलपुर। भेड़ाघाट तेवर निवासी एक युवती का तीन पत्ती के पास ऑटो रिक्शा में बैग छूटने के बाद वह बैचेन हो गई और उसने तत्काल लार्डगंज थाने पहुंचकर आवेदन दिया। मामला संज्ञान में आते ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम के स्टाफ ने फुटेज के माध्यम से ऑटो रिक्शा ढूंढ़कर बैग युवती को सौंप दिया। बैग मिलते ही आर्या नाम की युवती ने पुलिस को थैंक्स कहा। सीसीटीवी कंट्रोल रूम के एसआई हर प्रसाद यादव ने बताया कि भेड़ाघाट ग्राम पिपरिया में रहने वाली आर्या श्रीवास्तव शुक्रवार को ऑटो रिक्शा में बैठकर दीनदयाल बस स्टैंड से तीन पत्ती चौक आई,लेकिन उतरते समय वह अपना बैग लेना भूल गई। युवती को जब बैग छूटने की याद आई तो उसने अपने स्तर पर पतासाजी की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद उसने लार्डगंज थाने जाकर आवेदन दिया। शिकायत आने के बाद लार्डगंज पुलिस ने आर्या को सीसीटीवी कंट्रोल रूम भेजा। जहां सीसीटीवी स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑटो रिक्शा को विभिन्न लोकेशन पर फॉलो कर नंबर निकाला फिर व्हीकल डिटेक्शन पोर्टल की मदद से ड्राइवर का एड्रेस और मोबाइल नंबर निकालकर उसे कॉल कर बैग के साथ बुलाया और फिर उक्त बैग आर्या को सौंप दिया गया, युवती ने पुलिस की तत्परता पर खुशी जाहिर की। इस काम में अजरुन मिश्र, पूनम व कुलदीप सिंह की भी सराहनीय भूमिका रही।