ससुराल से मिली हत्या की सुपारी, दामाद की हत्या में पत्नी, सास गिरफ्तार
November 17, 2021
0
अंधे कत्ल का पुलिस ने किया खुलासा, ओमप्रकाश की दारूखोरी से परेशान था परिवार
जबलपुर। कुंडम मढ़ईकला सड़क पर मिली रक्तरंजित लाश मामले की जांच करते हुए पुलिस ने अंधी हत्या का खुलासा कर दिया है। हाइवा चालक की हत्या करने में उसकी पत्नी, सास, जेठ सास, साढूभाई एवं 2 अन्य युवक शामिल थे। पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड में शामिल आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह ओमप्रकाश की दारूखोरी से पूरा परिवार परेशान था, इसलिए सभी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रचते हुए शनिवार को उसको मौत के घाट उतार दिया। अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश एवं एएसपी संजय अग्रवाल के नेतृत्व में डीएसपी अपूर्वा किलेदार सहित थाना प्रभारी प्रताप सिंह मरकाम की टीम जांच में लगी हुई थी।
हत्याकांड का खुलासा करते हुए एएसपी संजय अग्रवाल ने बताया कि हाइवा चालक ओमप्रकाश यादव की पत्नी सहित ससुराल वालों ने मिलकर सुपारी देकर हत्या कराई थी। ओमप्रकाश को शराब पिलाने के बाद राजेंद्र यादव, बंटी पटैल और सत्यम पटैल ने रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल 5 आरोपी सास रत्नी बाई, जेठसास ओमबाई यादव, पत्नी सरोज बाई, साढूभाई राजेंद्र कुमार यादव एवं सत्यम पटैल को गिरफ्तार किया गया है। हत्याकांड में शामिल बंटी उर्फ रामिकशोर पटेल निवासी ग्राम बंधा ढीमरखेड़ा फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि हत्या को हादसा में बदलने के लिए आरोपियों ने लाश को इस मकसद से सड़क पर फेंक दिया था कि कोई भारी वाहन लाश को कुचल देगा तो पुलिस भ्रमित हो जाएगी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Tags