जवाहरलाल स्टेडियम में कांग्रेस का जनजातीय सम्मेलन, दिग्विजय व भूरिया ने भरा जोश
जबलपुर। भोपाल में भाजपा ने जनजातीय गौरव कार्यक्रम में आदिवासियों की भीड़ जुटाई तो जबलपुर में पूर्व सीएम कमलनाथ ने आदिवासी जननायक अमर बलिदानी बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा पर हमला किया। आदिवासी सम्मेलन में कमलनाथ ने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकारें आदिवासी के नाम पर सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रही हैं, आदिवासी के वास्तविक उत्थान और विकास से उन्हे लेना-देना नहीं है, भाजपा को आदिवासी वोटों की चिंता है। पूर्व सीमए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा समाज में दूरियां बढ़ाई जा रही हैं। इसका परिणाम आने वाले समय में भीषण हो सकता है। इसलिए इनकी राजनीति को समझना जरूरी है। इस अवसर पर अमर बलिदानी बिरसा मुंडा के देश व आदिवासी समाज के लिए दिए गए योगदान का भी जिक्र कर उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रण दोहराया गया। महाकोशल से आए आदिवासी यहां जवाहर लाल नेहरु कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम में आयोजित समारोह में शामिल हुए राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इसके पहले अधारताल तिराहा स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थली पर पहुंच कर माल्यापर्ण कर आदिवासी जननायक को नमन किया। इस अवसर पर आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया सहित स्थानीय नेता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि आदिवासी नेत्री और पूर्व कैबिनेट मंत्री कौशल्या गोंटिया के संयोजन में शबरी महासंघ द्वारा विगत एक नवम्बर से बिरसा मुंडा जयंती पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी पखवाड़े के अंतिम दिन आज आयोजित समारोह में जबलपुर सहित मंडला,डिंडौरी,बालाघाट, छिंदवाड़ा सहित अनेक जिलों से आदिवासी यहां समारोह में शामिल होने आए।
युवक कांग्रेस ने निकाली बाइक रैली
समारोह में आदिवासी लोक कला और संस्कृति की झलक भी दिख रही है। पारम्परिक वेशभूषा और आदिवासी स्वाभिमान के नारों के साथ गुंजायमान समारोह परिसर में बड़ी संख्या में आदिवासी जनजातियों से सम्बधित प्रतिनिधि मंडल और उनके सदस्यों द्वारा भी अपनी-अपनी बात रखी जा रही है। साथ ही आदिवासी समाज को एकता के सूत्र में बांधे रखने संकल्प दोहराए गए। युवक कांग्रेस नेताओं ने बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल से समारोह स्थल तक बाइक रैली निकालकर भगवान बिरसा मुंडा के जयकारे लगाए।