कंपनी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने की छापामारी
जबलपुर। देश की नामी-गिरामी कंपनियों के ब्रांडेड जीन्स, शर्ट व टाउजर सहित अंडरगारमेंट्स शहर में बेचने वाले दुकानदारों पर कोतवाली पुलिस ने छापामारी की। बताया जाता है कि लिवाइस कंपनी के अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की थी कि उनके ब्रांड पर नकली कपड़े बेचे जा रहे हैं। पुलिस नरघैया स्थित कपड़ा दुकानों में नकली-असली कपड़ों की जांच करने पहुंची थी। पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक जांच के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस उन आरोपियों को दबोचेगी जो 150 से 200 रुपए कीमत के जींस में कंपनी का लोगो लगाकर 1200 से 1800 रुपए तक का बेच रहे हैं। पुलिस नरघैया स्थित 2 दुकानों से कुछ जींस जब्त किए हैं, जिसमें ब्रांडेड कंपनियों के नाम लिखे हुए हैं। इधर व्यापारियों का कहना है कि वह दिल्ली एवं लुधियाना से कपड़ा लेकर आते हैं, हम सिर्फ विक्रेता हैं, निर्माता नहीं। कोतवाली पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। बीते कुछ सालों में हाईप्रोफाइल सहित सामान्य वर्ग के लोगों में ब्रांडेड सामान के इस्तेमाल को लेकर होड़ लगी हुई है, लेकिन कई बार जिस सामान को ग्राहक ब्रांडेड समझकर खरीद रहे हैं वह सामान नकली रहता है, जिसकी पहचान और परख ग्राहक नहीं कर सकता है। ब्रांडेड के नाम पर नकली कपड़े बेचने की शिकायत लिवाइस ने कुछ दिन पहले की है। कोतवाली थाना प्रभारी अनिल गुप्ता नरघैया स्थित उपकार ड्रेसेस और बीआर ड्रेसेस पहुंचे। पुलिस ने लिवाइस कंपनी के कर्मचारियों के साथ दुकान में रखे जींस, टी-शर्ट सहित अन्य कपड़ों की जांच की। नकली कपड़ों का कारोबार करने वाले व्यापारी कपड़ों को बेचने का प्रचार इंडिया मार्ट, फेसबुक डाट काम, वाट्सएप ग्रुप, ट्रेड इंडिया डाट काम, टैक्सटाइल इंफोमीडिया डाट काम के माध्यम से भी कर रहे हैं।