छपारा (नईदुनिया न्यूज)। दीपावली पर्व के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भाई दूज के दिन से मड़ई-मेलों का सिलसिला शुरू हो जाता हैं।इसी तरह नगर में क्षेत्र की पहली मड़ई मेला की शुरुआत नगर के तकिया वार्ड से हुई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल के साथ छपारा वासियों ने पहुंचकर मेला का आनंद उठाया। मड़ई में क्षेत्र के पारंपरिक यादव समाज का अहीरी डांस लोगों में आकर्षण का केंद्र रहा। विशेष वाद्य यंत्र के साथ पहनावे व नृत्य दौर दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक चलता रहा। मेला में झूला, रहेंट, मिठाई, चाट, गुब्बारे व खिलौने की दुकानों में बच्चों के साथ साथ महिलाओं व नागरिकों ने जमकर खरीदी की। इसके अलावा गन्नाा, पीढ़ी, सिंघाड़ा की भी खरीदारी लोगों ने की। मड़ई मेला आयोजन समिति तकिया वार्ड द्वारा मड़ई स्थल पर रोशनी की व्यवस्था विशेष रुप से की गई, ताकि देर रात तक मड़ई का आनंद स्थानीय लोग ले सके। लोगों ने मेले का लुफ्त उठाया ज्ञात हो कि पारंपरिक मान्यता के अनुसार गांव के लोगो के मनोरंजन के साथ ही सुख समृद्धि के लिए इस प्रकार के आयोजन वर्षो से होते आ रहे हैं।

सर्द हुई रातें, सुबह दिख रही ओस की चादर

सिवनी। शीत ऋतु का असर जिले में दिखने लगा है। रातें सर्द होने के साथ ही सुबह सुबह ओस भी नजर आ रहा है।मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंडक बढ़ेगी। शनिवार को अधिकतम पारा जहां 30 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ वहीं रात का पारा कुछ गिरकर 16 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के आसपास बना हुआ पश्चिमी विक्षोभ आगे गुजर गया है। वर्तमान में हरियाणा और उसके आसपास एक कमजोर चक्रवात हवा के ऊपरी भाग में बना हुआ है। हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर पूर्वी बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण वातावरण में सिहरन बढ़ने लगी है।