Type Here to Get Search Results !

रिछाई ब्रिज शुरू नहीं हुआ, दिखा भ्रष्टाचार, कलेक्टर ने अधिकारियों-ठेकेदार को लगाई फटकार

नोडल एजेंसी को भोपाल फोन लगाकर बोले डॉ इलैयाराजा,खुद आकर करो जांच 

जबलपुर। औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में पुल और निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर ने निर्माण कार्य की हालत देखकर अधिकारियों सहित सम्बंधित ठेकेदारों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही निर्माण कार्य में लापरवाही और अन्य विसंगतियों की जांच करने तथा जरूरी होने पर एफआईआर तक कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने करीब डेढ़ घंटे तक पैदल चलकर आसपास चल रहे निर्माण और विकास कार्यो का जायजा लिया। चूंकि महाकोशल उद्योग संघ इन कार्यो की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहा था इसी के चलते विगत दिनों एक बार कर चुके निरीक्षण के बाद कलेक्टर दूसरी बार फिर निरीक्षण करने अचानक पहुंच गए। इस दौरान मिली गड़बड़ी पर कलेक्टर द्वारा तुरंत भोपाल फोन लगा कर नोडल एजेंसी लघु उद्योग निगम के संबंधित अधिकारी से बात कर जबलपुर आकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करने कहा गया। कलेक्टर ने यह निर्णय भी लिया कि जांच समिति बना कर सड़क निर्माण कार्य की सूक्ष्म जांच की जाएगी।

 न फिनिशिंग न गुणवत्ता, कैसे किया निर्माण

बता दें कि औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में ़फ्लाई ओवर ब्रिज बन कर तैयार हो गया है । इसके साथ ही रिछाई की मुख्य सड़क का भी निर्माण कार्य चल रहा है । निरीक्षण में पाया गया कि ब्रिज जो कि अभी हाल ही में बन कर तैयार हुआ है और जिसका उपयोग अभी तक नहीं के बराबर हुआ है । ब्रिज के ऊपर सड़क पर कई जगह दरारें पड़ गईं हैं, गिट्टियां उभर कर दिखने लगीं हैं, चिथड़े निकलने लगे हैं, फुटपाथ घटिया किस्म का बनाया गया है एवं पैराफीट वॉल में भी दरारें पड़ने लगीं हैं । फिनिशिंग तो है ही नहीं, हो सकता है सीमेंट की मात्र अत्यंत कम मिलाई गई हो। ब्रिज के ऊपर से गुजरने से डर लगता है कि, कहीं गिर न जाये । इसके बाद निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण किया गया । सड़क निर्माण में भी इसी प्रकार की धांधलियां पाईं गई हैं। सड़क निर्माण में न तो चौड़ाई एक सी पाई गई, न ही लेवलिंग पाई गई और न ही सीमेंट की पर्याप्त मात्र का मिश्रण होना पाया गया । निरीक्षण के दौरान जि़ला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विनीत रजक, प्रबंधक प्रवीण द्विवेदी, लोक निर्माण विभाग की ब्रिज शाखा के इंजीनियरों, लघु उद्योग निगम के अधिकारियों, महाकोशल उद्योग संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डीआर. जैसवानी, अशोक परियानी, अतुल गुप्ता, प्रवीण कुमार शर्मा, संतोष केशरवानी, राजीव शाह, मनीष पटेल एवं एन. के. श्रीवास्तव मौजूद रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.