Type Here to Get Search Results !

डर्टी पॉलिटिक्स, कांग्रेस प्रत्याशी अन्नू के संकल्प पत्र से छेड़छाड़ का मामला थाने पहुंचा

हिन्दू धर्मसेना के योगेश अग्रवाल के खिलाफ शिकायत 

जबलपुर। नगर निगम के लिए चुनाव प्रचार का शोर थमने के साथ ही डर्टी पॉलिटिक्स का हल्ला सोशल मीडिया में मच गया। कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह अन्नू के संकल्प पत्र से छेड़छाड़ कर उसे एक धर्म विशेष के लोगों के लिए समर्पित बताकर सोशल मीडिया में वायरल करने का मामला पुलिस थाने पहुंच गया। शिकायत में हिन्दू धर्म सेना के योगेश अग्रवाल सहित कई लोगों पर नामजद आरोप लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की गई। वहीं कांग्रेस की लीगल सेल और भाजपा की लीगल सेल ने अपने अपने तर्क देकर मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी। सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि इस तरह की राजनीति अच्छी बात नहीं है और इस मामले की शिकायत पुलिस, प्रशासन व निर्वाचन आयोग से की है, उन्हें भरोसा है कि उचित कार्रवाई की जाएगी। 

ओरिजनल संकल्प पत्र की लोकप्रियता से विरोधी बौखलाए: अन्नू 

ओमती पुलिस थाने में की गई नामजद शिकायत में कहा गया कि कांग्रेस प्रत्याशी के संकल्प पत्र से छेड़छाड़ कर उसे योगेश अग्रवाल के अलावा कई भाजपा नेता इस फर्जी संकल्प पत्र को सोशल मीडिया में वायरल कर रहे हैं। अन्नू के प्रतिनिधि रचित दीक्षित ने यह शिकायत की है और वहीं कांग्रेस की लीगल सेल के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के संकल्प पत्र को एडिट कर यह शरारत की गई है जो सं™ोय अपराध है। अन्नू ने बयान जारी कर कहा कि इस तरह सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश का जनता ही चुनाव में जवाब दे देगी। उन्होने कहा कि पार्टी का ओरिजनल संकल्प पत्र जनता के बीच लोकप्रिय होने से डर्टी पॉलिटिक्स विरोधियों द्वारा की गई है। वहीं इस पोस्ट के जवाब में कांग्रेस समर्थक सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि नकली संकल्प पत्र के चक्कर में असली संकल्प पत्र ज्यादा लोगों ने पढ़ लिया। ओमती टीआई का कहना है कि शिकायत पर जांच की जा रही है और जो दोषी होगा उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

 भाजपा ने कहा-कांग्रेस का प्रोपेगंडा, शिकायत निर्वाचन आयोग से

भाजपा की लीगल सेल के प्रभारी विजय शंकर पांडे ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी सोशल मीडिया के माध्यम से गलत आरोप लगाकर प्रोपेगंडा कर रहे हैं और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। पांडे ने कहा कि इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग में की जा रही है। उन्होने कहा कि इस तरह के संकल्प पत्र से कौन लाभ उठा सकता है, यह जांच का विषय है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.