जबलपुर। नगरीय निकाय निर्वाचन के पहले चरण में बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान में शहरी क्षेत्र की वोटिंग दोपहर तक धीमी होने से राजनीतिक दलों की सांसे उपर-नीचे होती रही। दरअसल, दोपहर 3 बजे तक सभी 79 वार्डो की औसत वोटिंग 33 प्रतिशत के आसपास रही, वहीं शाम 5 बजे तक यह आंकड़ा 60 को छूने लगा तब प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली और वार्ड-बूथवार हार-जीत का गणित लगाने लगे। ग्रामीण क्षेत्र के निकायों में जबरदस्त उत्साह रहा और भेड़ाघाट नगर परिषद के 15 वार्डो में 84 प्रतिशत मतदान का रिकार्ड बन गया। इसके अलावा सिहोरा नगर पालिका में 78 प्रतिशत, पनागर नगर पालिका में 60 प्रतिशत व बरेला नगर परिषद में 75 प्रतिशत मतदान हुआ।
कहीं सुबह से पोलिंग बूथ खाली तो कहीं लगी लंबी कतार
नगर-निगम जबलपुर के सभी 79 वार्ड से मेयर और पार्षद पद के लिए मतदान की गहमागहमी सुबह से रही। हालांकि मौसम ने साथ दिया और रिमङिाम बारिश के चलते नगर निगम सीमा के वार्डो में सुबह से ही मतदाता पहुंचने लगे थे। उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों में लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी जबकि यहां 10 बजे तक भीड़ बढ़ने लगी थी। पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों में सुबह से वोटरों की लाइन देखी गई और पश्चिम व केंट में भी मतदान धीमी गति से आगे बढ़ा। चुनाव के लिए बनाए गए मतदान केंद्र से सौ मीटर दूर सहायता बूथों के माध्यम से अपनी पर्ची और कमरा नम्बर लेने मतदाता उत्साहित नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही मतदान शांतिपूर्वक कराने जिला प्रशासन का अमला लगातार फील्ड पर मुस्तैद रहा। प्रशासन ने बुजुर्ग, लाचार-दिव्यांगों सहित महिलाओं के मतदान की समुचित व्यवस्था की।
पूर्व विधानसभा क्षेत्र में पुलिस से झड़प, तहसीलदार से धक्का-मुक्की
औसतन शांतिपूर्ण रहे मतदान के दौरान रांझी के खालसा स्कूल स्थित मतदान केंद्र में दो युवकों ने तहसीलदार श्याम नंदन चंदेले से विवाद किया और उनके साथ धक्का-मुक्की कर दी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर शासकीय कार्य में बाधा डालने के अपराध में मनीष जैन नामक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसी तरह ठक्कार ग्राम में बाइक सवार युवक की पुलिस से झड़प हुई। पुलिसकर्मियों ने उसकी हल्की पिटाई कर भगा दिया। गोरखपुर हितकारिणी स्कूल परिसर में हंगामे की खबर मिलते ही कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी और एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा तत्काल पहुंचे और विवाद का निराकरण किया। अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, विमलेश सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया सहित सभी एसडीएम व कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मतदान केंद्रों से मिलने वाली हर सूचना पर संज्ञान लेते रहे।
पिछले चुनाव में ऐसी रही मतदान की स्थिति
2015 में शनिवार 31 जनवरी को हुये मतदान में 62.90 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2015 में कुल मतादाताओं की संख्या 8 लाख 90 हजार 131 थी । इनमें से करीब 5 लाख 59 हजार 89 मतादाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था । नगर निगम के वर्ष 2015 में हुए चुनाव में महापौर पद के लिये सात और सभी 79 वार्डों से पार्षद पद के लिये 403 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे । वर्ष 2009 में नगर निगम के चुनाव में 57 फीसदी मतदान हुआ था और लगभग 3 लाख 91 हजार मतादाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया था, इस बार 9 लाख 75 हजार वोटर रहे जिनमें से करीब 60 प्रतिशत ने मताधिकार का प्रयोग किया।
