Type Here to Get Search Results !

चुभती गर्मी में सहारा इंडिया व चिटफंड कंपनियों के खिलाफ उबला निवेशकों का गुस्सा

संभाग में करोड़ों रुपए हड़पने वालों पर एफआईआर की मांग 

जबलपुर। म.प्र. निवेशक अभिकर्ता हितकारी संघ के संरक्षक सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में सहारा इंडिया सहित सैकड़ों चिटफंड कंपनियों के खिलाफ हजारों निवेशकों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। चुभती गर्मी में भी निवेशकों के हौसले बुलंद थे और नारेबाजी करते हुए लोगों ने कंपनियों पर एफआईआर दर्ज कर जमा राशि वापस दिलाने की मांग की। 

धारा 144 लागू रहते घंटाघर पर पुलिस ने रोका

 प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोगों ने मेहनत की कमाई सहारा इंडिया व अन्य कंपनियों में जमा की, लेकिन राशि वापस करने में हीलाहवाली कर उन्हें भटकाया जा रहा है। निवेशक अभिकर्ता हितकारी संघ के बैनर तले रसल चौक में एकत्र लोग मालवीय चौक घंटाघर होते हुए विशाल रैली के रूप में पहुंचे थे। हमारा पैसा वापस दो, चीटिंगबाज कंपनियों के मालिकों को गिरफ्तार करो के नारे लगाते निवेशकों को पुलिस ने धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए घंटाघर में रोक दिया। यहां संघ के संरक्षक सौरभ नाटी शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि निवेशकों की ये लड़ाई अंजाम तक पहुंचने पर ही समाप्त होगी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों के साथ संघर्ष करेगी और न्याय दिलाने साथ देगी। विधायक विनय सक्सेना ने निवेशकों के साथ हुई धोखाधड़ी का जिम्मेदार केंद्र व राज्य सरकार को ठहराया। भारी हंगामे के बीच प्रदर्शनकारियों की बात सुनने पहुंचे एसडीएम नम:शिवाय अरजरिया ने ज्ञापन लिया। आन्दोलनकारियों की मांग थी कि सख्त कार्यवाही करने के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया जाए, जिसे प्रशासन ने आपस में चर्चा कर एडीशनल एसपी संजय अग्रवाल को नियुक्त किया, जो इससे संबंधित समस्याओं को सुनेंगे। प्रदर्शन में संघ अध्यक्ष कुन्दन विश्वकर्मा, आम आदमी पार्टी नेता रामकिशोर शिवहरे, गीता शरत तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश यादव, अनुभा शर्मा, राकेश गुप्ता, संतोष पंडा, पंकज पाण्डे, हुकुमचन्द जैन, निर्मल जैन, रमेश बोहित, चन्दू जैन, अनुज श्रीवास्तव, प्रयाग नायडू, सुमित चौहान, संदीप जैन, प्रवेन्द्र चौहान, विष्णु विनोदिया आदि नेताओं सहित हजारों निवेशक एवं अभिकर्तागण उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.