Type Here to Get Search Results !

नड्डा ने शहर की हर विधानसभा को टच किया, पश्चिम में पूर्व संगठन मंत्री को नहीं बुलाया

बूथ-यूथ और संगठन की कसावट में अनुशासन हुआ तार-तार,सीएम ने संभाला मोर्चा 

जबलपुर। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ-यूथ और संगठन की कसावट पर केंद्रित अपने प्रवास में शहरी क्षेत्र के चारों विधानसभा क्षेत्रों में दस्तक दी। वहीं संगठन की रीढ़ माने जाने वाले मंडल की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहुंचना उल्लेखनीय रहा तो वहीं जिस विधानसभा क्षेत्र को मंडल की बैठक के लिए चुना गया वहां स्थानीय नेताओं की गुटबाजी हावी रही। रानी दुर्गावती मंडल में रहने वाले पूर्व संगठन मंत्री सुरेश देशपांडे को आमंत्रित नहीं किया गया। वहीं क्षेत्र के जो वरिष्ठ नेता बैठक स्थल पर पहुंचे उन्हें बाहर ही खड़ा रखा गया। अनुशासित मानी जाने वाली पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के भाजपा कार्यालय पहुंचने हुई धक्का-मुक्की में अनुशासन तार-तार हो गया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सहित प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को मोर्चा संभालना पड़ा।

 गुटबाजी को बढ़ावा देने वालों ने तीन बार बदली सूची

भाजपा अध्यक्ष प्रवास के दूसरे दिन बूथ समिति की बैठक के बाद पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के रानी दुर्गावती मंडल की बैठक में पहुंचे थे। उन्होने मंडल को जहां संगठन की मजबूती का आधार बताया वहीं मंडल के कई युवा और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की पूछपरख न होने से खासी नाराजी दिखी,जबकि जेपी नड्डा ने नसीहत दी थी कि कार्यकर्ता की नाराजी दूर की जाना चाहिए। एक पूर्व मंडल अध्यक्ष ने कहा कि संगठन मंत्री का दायित्व निभाकर सबको एकजुट करने वाले सुरेश देशपांडे को आमंत्रित न करना कार्यकर्ताओं को रास नहीं आया। बताया गया कि बैठक में आमंत्रित लोगों की तीन बार सूची बदली गई और गुटबाजी को बढ़ावा देने वाले पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रयास व भावनाओं का निरादर किया।

 चाय पॉलिटिक्स भी रही चर्चा में 

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा नगर प्रवास के दौरान पूर्व विधानसभा अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के कार्यकर्ता आशीष अहिरवार के निवास पर चाय पीने पहुचे। लंबे समय से भाजपा के अंदर चाय पॉलिटिक्स की चर्चा आम है। नड़्डा ने चाय के बहाने अजा वर्ग को साधा। अहिरवार के यहां उन्होंने समाज के लोगों से भेंट की। नड्डा ने अहिरवार के परिजनों सहित मुहल्ले के लोगों से मुलाकात की। अहिरवार ने उन्हें अपनी शिक्षा-दीक्षा के बारे में बताया। वहां पहुंचते ही उन्होंने नड्डा का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्हें डॉ अंबेडकर का चित्र भी भेंट किया गया। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष वरिष्ठ नेता आनंद बर्नाड के निवास पहुंचे जहां उन्होने हाल ही में प्रकोष्ठों में बनाए गए 18 संयोजकों शिवम तिवारी, अश्विनी परांजपे, राजा सराफ, स्वाति गोडबोले, शरद अग्रवाल, डॉ अश्विनी त्रिवेदी,अखिलेश दीक्षित, रामलाल कोरी आदि से व्यक्तिगत मुलाकात की और राजनीतिक जीवन में पारदर्शिता को महत्व हुए सेवाभाव का मंत्र दिया। जेपी नड्डा के साथ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, मोर्चा अध्यक्ष कैलाश जाटव भी शामिल थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.