नामांकन शुरू होने से पार्षद पद के दावेदारों में बढ़ी बेचैनी
जबलपुर। भोपाल में मेयर पद के प्रत्याशी तय करने अभी दिग्गजों की बैठक का एक दौर बाकी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक रविवार शाम तक राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव व संगठन मंत्री हितानंद शर्मा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की बैठक में नाम फायनल कर दिए जाएंगे। वहीं पार्षदों की सूची फायनल होने में दो दिन का वक्त लग सकता है। वहीं नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से स्थानीय स्तर पर पार्षद पद के दावेदारों की बेचैनी बढ़ गई है, लेकिन ये खबर राहत दे सकती है कि जिला कोर कमेटी को प्रत्याशी चयन का अधिकार देकर पार्टी ने दो दिन के भीतर वार्डवार दावेदारों के नाम तय करने निर्देश दिए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कोर कमेटी 14 जून तक नाम तय कर भोपाल भेज देगी।
मेयर टिकट के लिए सांसद-विधायकों की बैठक टाल दी गई
भाजपा सूत्रों ने बताया कि मेयर टिकट के लिए प्रदेश कार्यालय में आयोजित सांसद व विधायकों की बैठक टाल दी गई और अब सांसदों- विधायकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जिला कोर कमेटी की बैठक में शामिल होकर पार्षद टिकट के दावेदारों के नाम तय करने में कोर कमेटी की मदद करें। बताया जाता है कि कोर कमेटी की बैठक कब और कहां की जाएगी इसकी जानकारी गोपनीय रखी गई है। इसमें नगर निगम, नगर पालिका व नगर परिषदों के पार्षद पद के दावेदारों के नाम पर विचार किया जाएगा, इसमें मंडल अध्यक्षों से रायशुमारी करने कहा गया है। सोमवार तक इनमें से सिंगल या तीन नाम के पैनल बनाकर संभागीय चयन समिति को दिए जाएंगे। खबर है कि इस प्रक्रिया में वक्त लगने से पार्षदों की टिकट 15 जून तक ही तय हो सकेंगी।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीएम को सौंपी समर्थकों की सूची
मेयर पद और जिलों में अपने समर्थकों को पार्षद टिकट दिलाने ज्योतिरादित्य सिंधिया सक्रिय हैं। बताया जाता है कि सिधिंया ने आज सुबह राजधानी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास जाकर भेंट की। सिंधिया अपने एक समर्थक को मेयर की टिकट दिलाने और जिलों में अपने समर्थकों को पार्षद टिकट दिलाने दबाव बना रहे हैं। वहीं भाजपा का कोर ग्रुप और चुनाव प्रबंध समिति में मेयर पदों के लिए प्रत्याशी चयन में अंतिम निर्णय लेने जद्दोजहद चल रही है।

