पनागर में वारदात, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा पहुंचे घटना स्थल
जबलपुर। ग्रामीणों को रकम फायनेंस कर हर माह वसूली करने वाली चिटफंट कंपनी के कैश कलेक्टर को बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर 88 हजार रुपए लूट लिए। पनागर थाना क्षेत्र ग्राम बिछुआ में हुई वारदात के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा घटना स्थल पहुंचे और सीएसपी सहित थाना प्रभारी को तलाश करने निर्देश दिए। पनागर टीआई आरके सोनी ने बताया कि भारत फायनेंस इन्क्लूसन लिमिटेड बैंक में फील्ड अधिकारी के पद पर कार्य करने वाला 25 वर्षीय आशु कुशवाहा गांव-गांव कैश कलेक्ट करने निकला था। वह बाइक क्रमांक एमपी 19 एमक्यू 8872 से छत्तरपुर व अन्य गांव में पैसा कलेक्ट कर लौट रहा था तभी ग्राम बिछुआ में बंजारी माता मंदिर के पास सकरी रोड पर दो बाइक पर सवार 4 बदमाशों ने उसे रोका और बैग छीन लिया। आशु ने विरोध किया तो लुटेरों ने उसके साथ डंडे से मारपीट की और बैग लेकर भाग गए। बैग में 88 हजार 794 रुपए के साथ सेमसंग कंपनी का टेबलेट, चाजर्र व अन्य सामान रखा था। उसने घटना के बाद कुछ लोगों से मदद मांगी और अपने अधिकारी सहित पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुचे एएसपी गोपाल खांडेल, सीएसपी प्रियंका किरचाम व टीआई को एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने लुटेरों की तलाश करने तथा संदिग्ध बदमाशों की पहचान करने संबंधी निर्देश दिए।