7 जून को निवेशक मय दस्तावेज प्रशासन को देंगे ठगी की जानकारी
जबलपुर। शहर सहित आसपास के जिलों में चिटफंड कंपनियां लोगों के साथ ठगी कर रही हैं, लेकिन इनका शिकार हुए परिवार कानून सम्मत कार्रवाई न होने से परेशान हैं। भाजपा पर चिटफंड कंपनियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता जगतबहादुर सिंह अन्नू , सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि सरकार और उसके जनप्रतिनिधि ठगी का शिकार हुए लोगों की सुनवाई नहीं करते और पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज नहीं होती। संभाग में करीब 12 सौ करोड़ रुपए का भुगतान लंबित है इसलिए पीड़ितों को न्याय दिलान 7 जून को निवेशक हितकारी संघ द्वारा रसल चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
साढ़े चार सौ कंपनियों ने हड़पे आम लोगों के पैसे
. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रशासन को निवेशक संघ द्वारा मय दस्तावेज के ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होने कहा कि संवेदशील मुख्यमंत्री को सभी निवेशकों की हालत के बारे में जानकारी है, इसके बावजूद उनके बारे में कुछ भी नहीं कर रहे हैं। चिटफंड कंपनियों ने खुले आम लूट मचाई है। वहीं सरकार का इस पर मौन रहना उन गरीब निवेशकों के मन में संदेह पैदा करता है। जबकि छत्तीसगढ़ की सरकार ने इन चिटफंड कंपनियों की नाक में नकेल कसकर निवेशकों की निवेशित राशि का भुगतान वापस करा रही है। वहीं मध्यप्रदेश सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे है। जिस प्रकार माफियाओं पर अभियान चलाया जा रहा है। उसी तर्ज पर निवेशकों के पैसे सरकार क्यों नही लौटा रही हैं। पुलिस द्वारा निवेशकों द्वारा की जा रही शिकायत के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज नहीं की जा रही है।