Type Here to Get Search Results !

विधानसभा अध्यक्ष के बेटे सहित कई पूर्व मंत्री व विधायकों के परिजन रुझान में हारे

पंचायत चुनाव की घमासान में नामी-गिरामी परिवारों पर पराजय का खतरा

 भोपाल। पंचायत चुनाव के पहले चरण की वोटिंग और मतदान स्थल पर हुई मतगणना के बाद जो रुझान सामने आए हैं, उसमें विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के बेटे सहित कई विधायक व पूर्व मंत्रियों के रिश्तेदारों की पराजय दिख रही है। पंचायत चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद होने वाले टेबुलेशन के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे, इसलिए अधिकारी बयान देने से बच रहे हैं लेकिन प्रत्याशियों को पंचायतों में मिले वोट के आधार पर उन्हें मिले वोट की जानकारी हो गई है और उन्हें उनकी जीत हार की जानकारी हो गई है। 

 रीवा में चर्चित रहा गौतम परिवार का चुनाव

अब तक सामने आए रुझानों में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, पूर्व मंत्री जुगुल किशोर बागरी के बेटे, बहू समेत कई दिग्गज नेताओं पर हार का खतरा मंडरा रहा है। रीवा जिले में जिला पंचायत सदस्य का सबसे अधिक चर्चा में रहा चुनाव गिरीश गौतम के बेटे राहुल का था। गौतम के बेटे के विरुद्ध उनके भतीजे पद्मेश ने नामांकन भरा था और रविवार सुबह तक के रुझानों के अनुसार राहुल गौतम पद्मेश से करीब 1400 मतों से पीछे बताए जा रहे हैं। रीवा में ही विधायक पंचूलाल प्रजापति की पत्नी और पूर्व विधायक पन्नाबाई प्रजापति की स्थिति भी कमजोर है। उन्हें निकटतम प्रतिद्वंद्वी से मामूली सी बढ़त मिली है। इसी तरह सतना जिले में पूर्व मंत्री जुगुल बागरी के बेटे पुष्पराज बागरी, बहू वंदना बागरी भी चुनाव लड़े और रुझानों के आधार पर सामने आई रिपोर्ट में इन पर हार का खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक प्रेम सिंह के दामाद संजय सिंह के पक्ष में रुझान आने की सूचना है। दूसरी ओर भोपाल में जिला पंचायत सदस्य के पद के लिए पत्नी को लड़ाने वाले कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अवनीश भार्गव के पक्ष में चुनाव परिणाम रुझानों में बताया गया है। 

पूर्व मंत्री व अनुसूचित जाति नेता अंतर सिंह आर्य के गांव में भाजपा पीछे ........

 पंचायत चुनाव के जो रुझान सामने आए हैं, उसके अनुसार बड़वानी जिले में पूर्व मंत्री एवं भाजपा अनुसूचित जाति के नेता अंतर सिंह आर्य के गांव में भाजपा को कम वोट मिले हैं और यहां से चुनाव लड़ रहे भाजपा समर्थित प्रत्याशी के हार की स्थिति बन रही है। दूसरी ओर धार जिले से कांग्रेस से सांसद का चुनाव लड़ चुके और अब भाजपा में शामिल दिनेश ग्रेवाल के भी जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में रुझानों में हार की स्थिति बताई जा रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.