Type Here to Get Search Results !

नड्डा का बूथ कमेटी में संवाद,कार्यकर्ता क्यों नाराज, पता करो फिर उसकी नाराजी दूर करो

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूछा-आप वोट मांगने कैसे जाओगे?

जबलपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ समिति की बैठक में कहा कि कार्यकर्ता नाराज है तो उसका कारण जानो, फिर उसकी नाराजी दूर करो। उन्होने कार्यकर्ताओं से सीधा प्रश्न किया कि आप वोट मांगने कैसे जाओगे? नड्डा केंट विधानसभा अंतर्गत बूथ क्रमांक 106 की बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीधे वोट मांगने से स्वार्थ झलकता है। आपका कर्तव्य है कि वोटरों से परिवार जैसे रिश्ते बनाओ। वोटर के घर जाओ, आत्मीयता से हाथ जोड़ो और फिर बोलो कि मैं बीजेपी से आया हूं, उसे पार्टी की विचारधारा से अवगत कराओ। 

पहले मतदाता की सुनो, उससे दोस्ती सिर्फ वोट के लिए न हो

 नड्डा ने कहा कि अपनी बात कहने से पहले मतदाता की बात सुनो। हो सकता है कि वो नाराजगी भी जाहिर करे। इस नाराजगी से आहत नहीं होना है। वोट लेने से पहले मतदाताओं से दोस्ती होनी चाहिए। प्रयास ये रखा जाये कि मतदाता से आपकी दोस्ती सिर्फ वोट को लेकर न हो, बल्कि उसके सुख-दुख, काम-काज, जरूरतों और सेवा को लेकर भी हो। नड्डा ने मंच पर उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुखातिब होते हुए कहा कि बूथ के लिए एक व्यक्ति को तय करें। वो सबकी मॉनीटरिंग करे। कोशिश ये हो कि एक कार्यकर्ता पांच वोट लाये। उन्होंने कहा कि नारेबाजी, हो-हल्ला से नहीं होता काम। वन बूथ-टेन बूथ की योजना अच्छी है, युवाओं को उनका दायित्व समझाया जाना चाहिए।

 18 माह में 18 बार जाओ, स्क्रीन लगाकर मन की बात करो

नड्डा ने कहा कि निकाय चुनाव अभ्यास है, 2023 और उसके बाद का चुनाव मुख्य है। इन 18 माह में 18 बार कार्यकर्ताओं को लोगों के घर जाना चाहिए। उन्हें मन की बात सुनाना चाहिए और उनके मन की बात सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को ये बात समझाना जरूरी है कि हमारे लिए सत्ता और राजनीति सेवा का माध्यम है। मंच पर आते ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करना शुरू कर दिया था। उन्होंने एक-एक कार्यकर्ता का परिचय लिया। मस्ताना चौक स्थित आशीर्वाद बारात घर जहां ये बैठक आयोजित थी, में पहुंचने पर क्षेत्रीय विधायक अशोक रोहाणी ने उनका स्वागत कन्या से कराया। नड्डा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन मंत्री हितानंद शर्मा,सांसद राकेश सिंह भी मंच पर थे। दीप प्रज्जवलन से प्रारंभ इस बैठक में रोहाणी ने राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह देकर नड्डा का सम्मान किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.