विश्व पर्यावरण दिवस पर सरकार ने लिया निर्णय
भोपाल। प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अमरकंटक को बड़ी सौगात दी है। उन्होने कहा है कि अमरकंटक को रिजर्व फारेस्ट घोषित किया जाएगा। यहां केवल अमरकंटक की आबादी वाले क्षेत्र को छोड़कर बाकी स्थानों पर निर्माण नहीं किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग वहां रह रहे हैं, उन्हें कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी, लेकिन बाकी इलाके को पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत रिजर्व फारेस्ट बनाया जाएगा। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम चौहान ने इस निर्णय की जानकारी दी। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए चार करोड़ पौधे रोपने का काम आगामी समय में होगा। हरदा के पर्यावरण प्रेमियों और कृषकों को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि वहां जो लोग पौधे लगाने का अभियान तीन सालों से चला रहे हैं, उन्हें भोपाल बुलाकर अभिनंदन करेंगे ताकि पौधरोपण करने वालों को इस रूप में सम्मान मिल सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी पत्नी साधना सिंह व पुत्र कार्तिकेय चौहान ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।