प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के क्षेत्र कटनी में डेढ़ दर्जन नेता निष्कासित
जबलपुर। नगरीय निकाय चुनाव में अपनों की बगावत से परेशान भाजपा ने नाम वापस न लेने वाले प्रत्याशियों पर 24 घंटे में कार्रवाई का ऐलान किया था, लेकिन चरम पर पहुंच रहे चुनावी माहौल के बीच अभी भी बगावत करने वालों पर कार्रवाई करने से पार्टी हिचक रही है। वहीं जबलपुर में कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में डटे 3 प्रत्याशियों को बाहर का रास्ता दिखाया है, लेकिन पार्टी नाम ओपन करने से बच रही है,क्योंकि गुरुवार को कमलनाथ के रोड शो में बगावत करने वाले हंगामा कर सकते हैं। संभाग में सबसे ज्यादा बगावत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र कटनी में जरूर भाजपा ने मेयर पद के प्रत्याशी सहित जिला मंत्री और डेढ़ दर्जन नेताओं को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
एक बागी ने सीधे भाजपा नगर अध्यक्ष को दी है चुनौती
जबलपुर में पार्षद टिकट वितरण से नाराज संगठन के पदाधिकारियों सहित कई नेता अधिकृत प्रत्याशियों का विरोध अपने तरीके से कर रहे हैं। चार वार्डो में पार्षद टिकट न मिलने से नाराज प्रत्याशी खुलकर मैदान में हैं और उनके समर्थक बेहतर पोजिशन का दावा कर रहे हैं। भाजपा संगठन ने नाम वापस न लेने वाले बागियों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन उनमें ऐसे बागी प्रत्याशी भी हैं जिन्हें टिकट बांटने में भूमिका निभाने वालों का पर्दे के पीछे से सपोर्ट है। एक वार्ड में भाजपा महानगर अध्यक्ष को सीधे चुनौती देने वाले बागी प्रत्याशी टिल्लू नेचलानी का ऑडियो चर्चा में रहा, वहीं पूर्व पार्षद कल्लू बाबा के समर्थक भारी समर्थन का दावा कर रहे हैं। पूर्व भाजपा पार्षद ममता तिवारी के पति और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता समर्थ तिवारी भी मैदान में डटे हैं। सूत्रों का कहना है कि संगठन इन प्रत्याशियों पर अनुशासन का चाबुक चलाने में हिचक रही है, क्योंकि उनके जीतने की स्थिति में पार्टी के साथ रहने की संभावना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र कटनी में मेयर पद की प्रत्याशी प्रीति संजीव सूरी सहित 18 नेताओं को 6 साल के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है, जबकि इनमें कई पार्षद पद के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
कांग्रेस के बागियों ने थामा आम आदमी पार्टी का हाथ
जबलपुर में कांग्रेस ने मान-मनौव्वल में सफल न होने पर 3 प्रत्याशियों को पार्टी से निकाल दिया है, लेकिन इनके नाम फिलहाल उजागर करने से संगठन बच रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि बागी प्रत्याशी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के गुरुवार को हो रहे प्रवास में हंगामा न करें, इसलिए नाम दबाए जा रहे हैं। कांग्रेस से टिकट न मिलने पर कई कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा है और वे कांग्रेस का खेल बिगाड़ने में सफल दिख रहे हैं। कांग्रेस ने कटनी में भी 4 नेताओं को निष्कासित कर दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि कमलनाथ और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के प्रवास के बाद दोनों पार्टियों के बागियों पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
