प्रदेश भाजपा के पास पहुंची नाम वापस न लेने वालों की सूची
जबलपुर। तमाम कोशिश और संगठन के निर्देश के बाद भी नाम वापस न लेकर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में डटे नेताओं को पार्टी ने अंतिम मौका दे दिया है। भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद पद के लिए पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध नामांकन भरने वाले बागी नेताओं, कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी का समर्थन कर दें और इसके लिए लिखित में दे दें तो उन्हें पार्टी 6 साल के लिए निष्कासित नहीं करेगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि ऐसे प्रत्याशियों की सूची भोपाल कार्यालय पहुंच चुकी है।
अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ डटे प्रत्याशियों का प्रचार शुरू
जबलपुर जिले के नगरीय निकायों में कई स्थानों पर भाजपा के बागी अधिकृत प्रत्याशी की परेशानी का सबब बने हैं। भाजपा संगठन के नेताओं व जिला प्रभारियों सहित मंडल अध्यक्षों की समझाइश के बाद भी बागियों ने मैदान नहीं छोड़ा और चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। इनमें शामिल कई प्रत्याशी ऐसे हैं जो अधिकृत प्रत्याशी की पराजय का कारण बनेंगे और कुछ इनमें जीतने लायक भी बताए जा रहे हैं। महाराजा अग्रसेन वार्ड से पूर्व पार्षद ममता तिवारी के पति समर्थ तिवारी सहित कल्लू बाबा, दिलीप पटेल व टिल्लू नेचलानी आदि ने नाम वापस न लेकर चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। प्रदेश संगठन ने ऐसे नेताओं की अलग सूची जिला अध्यक्षों से मांगी है। साथ ही न मानने वालों को भी सूची तैयार कराई जा रही है।
