मेयर प्रत्याशी के साथ सभी ने दिया इस्तीफा, चुनाव रोचक मोड़ पर
छिंदवाड़ा। भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के छिंदवाड़ा में उन्हें घेरने की रणनीति बनाई थी, लेकिन पार्टी में बगावत के कारण समीकरण उलट गए। मेयर टिकट न मिलने से नाराज भाजपा किसान मोर्चा आदिवासी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जितेंद्र शाह ने भाजपा से बगावत का बिगुल फूंकते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया और उनके साथ एकजुट 36 वार्डो के प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लेने पार्टी के निर्देशों को हवा में उड़ाते हुए चुनाव मैदान में निर्दलीय डटे रहने की घोषणा कर दी। भाजपा मेयर पद की टिकट न मिलने से नाराज जितेंद्र शाह को मनाने में कामयाब नहीं हो सकी, जिससे छिंदवाड़ा नगर निगम का चुनाव रोचक मोड़ पर आ गया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि नाम वापसी के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष ने सभी से संपर्क किया था, लेकिन किसी ने बात नहीं की और अंतिम समय में सभी एकजुट होकर बगावत का झंडा लिए एक साथ नजर आए। वहीं संगठन की ओर से नियुक्त जिला प्रभारी भी पार्टी की बगावत थामने में सफल नहीं हो सके। सभी बागी प्रत्याशियों ने जोर-शोर से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। इस मामले में अधिकृत तौर पर भाजपा के पदाधिकारियों ने कुछ भी जानकारी नहीं दी।
