भूमि बटांक के लिए मांगी थी रिश्वत, एसपी संजय साहू से की शिकायत
जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंडला में भूमि बटांक के लिए रिश्वत मांगने वाले पटवारी व उसके सहयोगी कोटवार को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। बताया जाता है कि टीम ने पटवारी को जैसे ही ट्रेप किया, उसने छत से कूदकर भागने का प्रयास किया, लेकिन दबोच लिया गया। इस मामले में फरियादी रोहित श्रवण पटैल ने लोकायुक्त एसपी संजय साहू से शिकायत की थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने पटवारी व कोटवार को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि मंडला के जवाहर वार्ड क्र मांक 19 निवासी आवेदक रोहित श्रवण पटेल ने एसपी लोकायुक्त संजय साहू को शिकायत दी थी कि उसकी भूमि का बटांक करने के एवज में पटवारी प्रदीप सैयाम पटवारी हल्का क्र मांक 35 / 70 ग्राम तहसील मंडला ने 15 हजार रु पए की रिश्वत मांग रहा है। एसपी ने डीएसपी जेपी वर्मा, इंस्पेक्टर भूपेंद्र दीवान को निर्देशित किया, जिसके बाद शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से टीम ने कार्रवाई की। बताया जाता है कि पटवारी ने पहले चालाकी दिखाते हुए रिश्वत की रकम सहयोगी कोटवार संजय वंशकार को देने की बात कही और जैसे ही लोकायुक्त टीम ने छापा मारा तो पटवारी ने भागने का प्रयास किया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
