पनागर में सनसनीखेज वारदात, आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में पत्नी का गला हंसिया से काटकर हत्या करने के मामले से सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर संदेह किया जाता रहा और सुबह उसने यह जघन्य वारदात की और उसके बाद वह पत्नी की लाश के पास ही बैठा रहा। पनागर के आजाद वार्ड में हुई सनसनीखेज वारदात की खबर मोहल्ले में रहने वाले आरोपी के भाई को लगी तो वह भागते हुए घर पहुंचा, जिसके बाद उसने पुलिस को हत्या होने की सूचना दी। पुलिस के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नाबालिग बेटा मौसी के घर गया था
पनागर पुलिस ने बताया कि आजाद वार्ड पनागर निवासी 45 वर्षीय महेश कुमार कोल ने गुरुवार की सुबह चरित्र संदेह पर पत्नी नंदिनी कोल का हंसिया से गला काटकर हत्या कर दी। पति-पत्नी के बीच कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी घर में ही बैठा रहा। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि नंदिनी का मायका गंज खमरिया का है, उनका 14 साल का एक बेटा है। राजमिस्त्री का कार्य करने वाला आरोपी महेश सुबह काम पर जाने की तैयारी में था, इसी बीच पति-पत्नी में झगड़ा होने लगा। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि रात में भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बताया जाता है कि नंदिनी-महेश का बेटा हिमांशु उर्फ गोलू मंगलवार की शाम अपनी मौसी के घर गया था। मां की हत्या हो जाने के बाद मौसी के साथ घर पहुंचा बेटा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं था। पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।