बांधवगढ़ नेशनल पार्क में जीवंत हो गई वाइल्ड लाइफ
उमरिया। बाधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सोमवार की सुबह पर्यटक उस समय रोमांचित हो उठे जब उनके सामने अचानक आधा दर्जन बाघ एक साथ आ गए। पार्क के खितौली कोर जोन में पर्यटक जिप्सियों में सवार होकर बाघ देखने निकले थे, लेकिन उन्होने ऐसे दृश्य की कल्पना भी नहीं की थी। थी। जिप्सी में सवार पर्यटक पार्क का भ्रमण कर रहे थे तभी वन तलैया में छह बाघों के झुंड एक साथ पानी में आनंद लेते दिखाई दिए , जिसका पर्यटकों ने भरपूर लुत्फ उठाया। बांधवगढ़ की मशहूर बाघिन अपने चार शावकों और पिता एवं पार्क का सबसे डोमिनिटेड बाघ छोटा भीम के साथ ठंडे पानी में शीतलता का आनंद ले रहे थे। पर्यटकों ने फोटोग्राफी की और वीडियो भी बनाए।
पर्यटकों के बीच बढ़ी तारा बाघिन की लोकप्रियता
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वर्तमान में तारा बाघिन काफी लोकप्रिय है। देश विदेश के पर्यटक महज तारा बाघिन का दीदार करने यहां पंहुच रहे हैं। जिसकी मुख्य वजह इसके चार शावक हैं जो लगभग 20 माह के हो चुके हैं। बाघिन शावकों को हमेशा अपने साथ रखती है। दूसरी खास बात यह कि यह पर्यटकों को देखकर सहज रहती है। बाघों की सघनता एवं सहजता से बाघ दर्शन के लिए मशहूर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघिन तारा खास आकर्षण बनी रहती है। बांधवगढ़ में बीते कई वर्षो से काम कर रहे वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर सुखसागर पांडेय के मुताबिक बाघों के प्रजनन, रहवास,आवास और भोजन के लिए दुनिया का सबसे बेस्ट हैबिटेट बांधवगढ़ में मौजूद है और यही वजह की दुनिया भर में बाघों की सबसे घनी आबादी बांधवगढ़ में मौजूद है।