Type Here to Get Search Results !

जबलपुर को मिली भोपाल-ग्वालियर-बिलासपुर की एयर कनेक्टिविटी, सिंधिया ने किया शुभारंभ

गरीब कल्याण सम्मेलन में बोले ज्योतिरादित्य-मोदी सरकार ने बदले गरीबों के दिन 

जबलपुर। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जबलपुर से भोपाल, ग्वालियर व बिलासपुर की फ्लाइट का शुभारंभ किया। डुमना एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में इंदौर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ऑनलाइन कार्यक्र म में जुड़े। फ्लाइट का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा मेरे पदभार संभालने के पहले जबलपुर शहर 5 शहरों से जुड़ा हुआ था। वहीं अब जबलपुर की 12 शहरों से एयर कनेक्टिविटी हो गई है। उन्होंने डुमना विस्तारीकरण के कार्यों का भी निरीक्षण किया,उनके साथ सांसद राकेश सिंह व स्थानीय भाजपा नेता उपस्थित रहे। 

 2023 तक पूरा होगा डुमना एयरपोर्ट विस्तारीकरण का कार्य

 डुमना में 412 करोड़ की लागत से चल रहे विस्तारीकरण कार्य का केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने निरीक्षण किया। ये मार्च 2023 तक पूरा होना है। इस एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का निर्माण चल रहा है। इससे यहां एक समय पर 500 पैसेंजर को प्रवेश मिलने की क्षमता होगी। विस्तारीकरण के बाद यहां एबी-320 तरह के विमान भी लैंड कर सकेंगे। नए टर्मिनल भवन के अलावा एटीसी टावर, तकनीकी ब्लाक, फायर स्टेशन श्रेणी सात, अन्य भवनों का निर्माण और रनवे सहित अन्य कार्य हो रहे हैं। विमानन कंपनी अलायन्स एयर जबलपुर-भोपाल-ग्वालियर - बिलासपुर के बीच 72 सीटर फ्लाइट शुरू कर रही है। फ्लाइट ग्वालियर से जबलपुर-सुबह 10.30 बजे रवाना होगी और सुबह 11.50 बजे पहुंचेगी। वहीं जबलपुर-भोपाल- दोपहर 1.00 बजे जबलपुर से रवाना होगी जो दोपहर 2.05 बजे भोपाल पहुंचेगी। भोपाल-बिलासपुर दोपहर 2.35 बजे भोपाल से चलकर शाम 4.25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। बिलासपुर-जबलपुर-शाम 5.00 बजे बिलासपुर से रवाना होकर शाम 6.05 बजे जबलपुर पहुंचेगी। हालांकि अभी ये सिर्फ जबलपुर-भोपाल-ग्वालियर के बीच उड़ाने भरेगी। बाद में इसे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से जोड़ा जाएगा।

 गरीब कल्याण सम्मेलन में पहुंचे केंद्रीय मंत्री

 इससे पहले आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्र म के अंतर्गत मानस भवन में आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मोदी सरकार की विकास नीतियों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं से गरीबों के दिन बदले हैं। वो दिन हवा हुए जब हमारी बेटियां लाइन लगा कर गांव के बाहर पानी भरने जाती थीं। आज हमारी बेटियों को पानी लाने की जरूरत नहीं है, वे स्कूल जा रहीं हैं। पानी बचाने 6 करोड़ 30 लाख नल-जल की टोंटिया पूरे देश में लग चुकीं हैं। जलसंकट से निपटने इस साल के बजट में 60 हजार करोड़ रु पए पूरे देश में नलजल योजना लागू करने के लिए आवंटित किए गए हैं। सिंधिया सुबह डुमना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों, भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, अफसरों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होने पूर्व सांसद जयश्री बेनर्जी के निवास जाकर परिवार से मुलाकात की। दोपहर बाद वे सांसद राकेश सिंह और विधायक अशोक रोहाणी, अजय विश्नोई और भाजपा नेता हर्षित सिंघई के निवास पहुंचे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.