फिजिकल टेस्ट में हादसा, भीषण गर्मी में भर्ती पर उठे सवाल
जबलपुर। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की भर्ती में लिखित परीक्षा के बाद फिजिकल टेस्ट के दौरान बालाघाट के 21 वर्षीय युवक की दौड़ के दौरान तबियत बिगड़ी और उसे जब अस्पताल ले जाया गया तो उसने दम तोड़ दिया। भीषण गर्मी में फिजिकल टेस्ट पर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि यह घटना सुबह करीब 8 बजे हुई। इससे पहले जबलपुर में पुलिस आरक्षक की शारीरिक परीक्षा में भी दो युवकों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार को 2 जून तक यह परीक्षा स्थगित करना पड़ी।
विक्टोरिया केजुअल्टी में बेहोशी की हालत में लाया गया
गौर चौकी प्रभारी टेकचंद शर्मा ने बताया कि जमतरा स्थित आइटीबीपी में एसएससी द्वारा जीडी भर्ती के लिए पिछले दिनों आयोजित लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों का सोमवार से फिजिकल टेस्ट हो रहा है। चूंकि इस भर्ती में फिजिकल टेस्ट कठिन होता है और उम्मीदवार को 5 किलोमीटर की दौड़ के साथ ही अन्य गतिविधियों में सफलता हासिल करना होता है। इसी के लिए टेस्ट में बालाघाट के आमगांव नवेगांव निवासी दिनेश पिता गोरेलाल दौड़ने के दौरान हांफने लगा और सांस लेने में परेशानी के साथ ही उसके मुंह से खून निकल आया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल एम्बुलेंस में उपलब्ध चिकित्सा दी गई और विक्टोरिया अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि दिनेश की मौत हार्ट फेल होने से हुई। आईटीबीपी अधिकारियों ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया। एफएसएल प्रभारी डॉ. सुनीता तिवारी ने बताया कि दिनेश को कैजुअल्टी में बेहोशी की हालत में लाया गया था। उसके मुंह से खून निकल रहा था। ईसीजी आदि जब्त करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले मप्र पुलिस की आरक्षक भर्ती परीक्षा में फिजिकल टेस्ट के दौरान बालाघाट व सिवनी के दो युवकों की मौत हो चुकी है और बरेला निवासी युवक की तबियत खराब हो गई थी, जिसे अस्पताल में स्वास्थ लाभ मिल गया।
