वन विभाग ने पूरे रेंज के अमले को दौड़ाया, आग की लपटों के साथ फैली दहशत
जबलपुर। गौर नदी के उस पार सालीबाड़ा के पीछे भीटा-उमरिया वन क्षेत्र में स्थित सागौन के जंगल में सोमवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें धीरे - धीरे जंगल को अपनी गिरफ्त में लेती जा रही थीं। अफसरों ने वन परिक्षेत्र जबलपुर के पूरे अमले को आग बुझाने मौके पर रवाना किया। इसके अलावा रेस्क्यू टीम व अन्य रेंजों से भी बल बुलाया गया। वहीं सालीबाड़ा की तरफ बढ़ रही आग के कारण पेट्रोल पंप को बचाने की कवायद में इस तरफ से भी फायर ब्रिगेड से आग पर काबू करने की कवायद दोपहर तक चलती रही।
जंगल में नहीं पहुंच सकती फायर ब्रिगेड
जंगल के भीषण अग्निकांड के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों को कहना था कि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया तो यहां वर्षो में तैयार हुआ सौगान का पूरा जंगल जलकर खाक हो जाएगा। आग जिस स्थान पर लगी है वहां न तो फायर बिग्रेड पहुंच सकती है और न ही अन्य कोई संसाधन से आग पर काबू पाया जा सकता है। जिसके चलते वन विभाग का पूरा अमला पैदल वहां तक पहुंचा, लेकिन आग की तपिश और तेज धूप के चलते वन विभाग के अमले को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वन परिक्षेत्र अधिकारी बीएल बरकड़े ने बताया कि आग खेतों में नरवाई जलाने के चलते फैली है। आग जंगल में कितने क्षेत्र में फैली है और उससे कितना नुकसान हो चुका है। अभी इसको बता पाना संभव नहीं है। वन कर्मी आग को काबू में पाने के लिए परम्परागत तकनीक के सहारे हैं।
कर्मचारी कोसम नदी से बालटियों से ला रहे पानी
बताया जाता है कि आग बंडाबाबा क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। जिसको देखते वन कर्मी कोसम नदी से बाल्टियों के सहारे पानी भर-भर कर ला रहे हैं और आग बुझाने की प्रयास कर रहे हैं। बताया जाता है कि आग जितनी रफ्तार में जंगल को अपनी गिरफ्त में ले रही थी, उतनी ही तेजी से खेतों में भी फैल रही थी। जिसके चलते आग के दायरे में कई किलो मीटर का क्षेत्र आ गया। आग की लपटें गौर-सालीवाड़ा पेट्रोल तक जा पहुंची। जिसके बाद दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। जबलपुर से दो दमकल तत्काल रवाना किए गए।

