विवाह का ड्रामा एक हफ्ते में खत्म कर भाग जाती है नकदी-जेवर लेकर
जबलपुर। शादी के लिए लालायित युवकों की पहचान और संपर्क कर विवाह का ड्रामा करने वाली लुटेरी दुल्हन रीना ठाकुर उर्फ सीता चौधरी उर्फ काजल चौधरी 32 साल की उम्र में 32 शादियां कर चुकी है। नकदी-जेवर लेकर फरार होने वाली लुटेरी दुल्हन को राजस्थान की सांगवाड़ा पुलिस ने जबलपुर के सिविक सेंटर से गिरफ्तार करने का दावा किया है।
गैंग में शामिल लोग भी हैं शातिर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश व राजस्थान में रीना चौधरी का शिकार बने कुछ युवकों ने तो पुलिस थाने में शिकायत भी नहीं की, जबकि वह तीन दर्जन युवकों को जाल में फंसाकर शादी कर चुकी है और नकदी जेवर लेकर फरार हो चुकी है। बताया जाता है कि राजस्थान में उसके खिलाफ 12 दिसंबर 2021 को प्रकाश चंद्र भट्ट निवासी जोधपुरा ने शिकायत दर्ज कराई थी। जुलाई 2021 में एजेंट रमेश ने 5 लाख रु पए लेकर रीना ठाकुर से शादी कराई थी। रीना शादी के 7 दिन तक ससुराल में रही। इसके बाद पति के साथ जबलपुर आ गई। लौटते समय रास्ते में रीना ने गैंग में शामिल कई शातिर साथियों की मदद से विवाहित पति से मारपीट करवाई और उनके साथ भाग गई।
पुलिस आरक्षक को दूल्हा बनाकर राजस्थान पुलिस ने जाल फैलाया
बताया जाता है कि लुटेरी दुल्हन को पकड़ने पुलिस ने आरक्षक को दूल्हा बनाकर जाल फैलाया। पतासाजी के दौरान सांगवाड़ा पुलिस को जानकारी मिली कि लुटेरी दुल्हन जबलपुर में गुड्डी बर्मन नाम की महिला के साथ रहती है। गुड्डी बर्मन फर्जी शादी कराने का गिरोह संचालित करती है। गुड्डी का नंबर मिलने के बाद सांगवाड़ा पुलिस ने एक आरक्षक भानुप्रताप को ग्राहक बनाकर बातचीत शुरू की। गुड्डी बर्मन ने आरक्षक के पास आधा दर्जन लड़कियों की फोटो भेजी, इसमें लुटेरी दुल्हन रीना का फोटो भी था। भानुप्रताप ने उससे शादी करने का प्रस्ताव मंजूर कर लिया। गुड्डी ने 50 हजार रुपए लेकर सिविक सेंटर में समदड़िया मॉल के पास मिलने बुलाया। भानुप्रताप और आरक्षक वीरेंद्र सिंह दोस्त बनकर गुड्डी से मिलने यहां पहुंचे और तभी गुड्डी बर्मन रीना को लेकर आई और उसका परिचय काजल चौधरी के रूप में दिया। इसी बीच इशारा मिलते ही महिला पुलिस की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
