स्कूल शिक्षा मंत्री की बहू की अन्त्येष्ठि के बाद बवाल, भाई को जबरन घर भेजा
शाजापुर। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार की बहू सविता द्वारा आत्महत्या करने के मामले में चल रही जांच के बीच मृतका के भाई ने यह कहकर हंगामा मचा दिया कि मंत्री हैं तो क्या हुआ? उनके खिलाफ धारा 302 यानि हत्या का केस दर्ज होना चाहिए। बताते हैं कि सविता के भाई के चिल्लाने के बाद वहां मौजूद रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया और मारपीट का प्रयास किया तभी कुछ लोग उसे पकड़कर अलग ले गए और गाड़ी में बैठाकर उसे उसके घर रवाना कर दिया गया।
अन्त्येष्ठि के बाद मंत्री हाथ जोड़े थे तब भाई ने किया हंगामा
बताया जाता है कि मंत्री परमार के बेटे देवराज की 22 वर्षीय पत्नी सविता ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली थी। उनके गांव पोचानेर में स्थित निवास पर सविता का शव सिर्फ 5 मिनट के लिए लाया गया तब सविता के पिता रोते-रोते बेहोश हो गए। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। वहां से लौटकर आने के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार घर के बाहर हाथ जोड़कर लोगों का आभार जता रहे थे तभी सविता के भाई ने जोर जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि मंत्री हैं तो क्या हुआ सविता की मौत के बाद इंदर सिंह परमार पर धारा 302 का केस बनना चाहिए।
पति व ससुर घर पर नहीं थे, जब सविता ने फांसी लगाई
मंगलवार की शाम मंत्री के गांव पोचानेर स्थित घर में उनकी 22 साल की बहू सविता ने फांसी लगा ली थी। सविता की शादी 3 साल पहले मंत्री के बेटे देवराज से हुई थी और घटना के एक दिन पहले ही वह मायके से पोचानेर पहुंची थी। बताया जाता है पति-पत्नी के बीच एक साल से अनबन चल रही थी, लेकिन जिस समय सविता ने फांसी लगाई तब मंत्री इंदर सिंह परमार व उनका बेटा देवराज घर पर नहीं थे। शाजापुर एसपी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आत्महत्या मामले में पुलिस जांच कर रही है।
