Type Here to Get Search Results !

एमपी भाजपा की कोर कमेटी को दिल्ली से मिली चुनाव की गाइड लाइन

सत्ता व संगठन में तालमेल की हिदायत के साथ बूथ मैनेजमेंट पर जोर 

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश में करीब 18 माह बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने गुरुवार को दिल्ली में एमपी भाजपा की कोर कमेटी को चुनावी तैयारियों से संबंधित गाइडलाइन बताई। सत्ता संगठन के साथ बुलाई गई इस बैठक में आरएसएस के साथ समन्वय के अलावा पार्टी में हर स्तर पर सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए कहा गया ताकि कार्यकर्ता चुनावी रण के लिए ताकत के साथ जुट सकें। प्रदेश संगठन के बूथ विस्तारक कार्यक्रम के आधार पर केंद्रीय नेतृत्व ने आने वाले महीनों में जिलों और बूथों के कार्यकर्ताओं को लेकर तैयार किए गए कार्यक्रम भी कोर कमेटी के समक्ष रखे। इस बैठक में संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा उपस्थित थे। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अभी दिल्ली में ही रहेंगे और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक करेंगे।

 कमजोर परफॉर्मेस वाले मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी

दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय की बैठक में जिन अन्य मुद्दों पर चर्चा किए जाने की बात कही जा रही है उसमें मंत्रियों के नवाचार और कमजोर परफार्मेस वाले मंत्रियों की मंत्रिमंडल से छुट्टी करने का मसला भी शामिल है। दो माह पहले मध्यप्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आए पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने मंत्रियों के कामकाज पर नाराजगी भी जताई थी और उनके नवाचार भी पूछे थे। उनके दौरे की रिपोर्ट भी बैठक में रखी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, कोर कमेटी में शामिल संगठन के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्रीगण और प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश में दंगों को लेकर संघ के फीडबैक और आगामी दिनों में संघ के साथ सत्ता संगठन के समन्वय के मामले में भी विचार किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.