जनसुनवाई में दिया आवेदन,दिव्यांग सुरेन्द्र को तत्काल मिली वैशाखी
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ ने आवेदकों के आवेदनों पर की सुनवाई
कटनी - कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे ने आवेदकों के आवेदनों पर सुनवाई की। जनसुनवाई में रीठी विकासखंड की ग्राम पंचायत अमगवां के पोषित ग्राम सलैया निवासी दिव्यांग सुरेन्द्र बुंदेला ने वैशाखी, ट्रायसाइकिल आदि दिलाए जाने को लेकर आवेदन दिया। दिव्यांग के आवेदन पर जनसुनवाई के दौरान ही उसे वैशाखी प्रदान की गई। साथ ही कृत्रिम उपकरण लगवाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वैशाखी मिलने पर दिव्यांग सुरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई के दौरान आवेदक राजेश दुबे निवासी इटौरा ने जमीन से कब्जा हटवाने, पिंडरई ढीमरखेड़ा निवासी ने रोजगार दिलाए जाने, मटवारा स्लीमनाबाद निवासी कला बाई ने संपत्ति का हिस्सा दिलाने, देवरी टोला निवासी रामसेवक विश्वकर्मा ने जमीन का सीमांकन कराते हुए कब्जा दिलाने को लेकर आवेदन दिया। वहीं चमेली बाई भुमिया निवासी पथवारी बड़वारा ने गांव के ही कुछ लोगों द्वारा जमीन पर कब्जा करने, सोमवती चौधरी निवासी बड़ागांव नं.-2 ने पति की मृत्यु पर सहायता राशि दिलाने, ग्राम पंचायत धनवाही के निवासियों ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने, रमेश कुमार चौधरी निवासी खन्ना बंजारी ने जमीन पर कब्जा कर निर्माण कराए जाने को लेकर आवेदन दिया। जिसपर अधिकारियों ने सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए। जनसुनवाई में 77 आवेदन आए, जिसमें सीईओ श्री गोमे सहित अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते, डिप्टी कलेक्टर संस्कृति शर्मा ने आवेदकों के आवेदनों पर सुनवाई की। इस दौरान सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

.jpeg)