टीएल बैठक में कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाईन तथा विभागीय पत्रों की समीक्षा
रायसेन - कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरविन्द कुमार दुबे द्वारा विभागीय समय सीमा वाले लंबित पत्रों तथा सीएम हेल्पलाईन शिकायतों की समीक्षा की गई। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री दुबे ने पीएचई विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल हेतु लोगों को परेशान ना होना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर कहीं हैण्डपम्प खराब होने या पेयजल की समस्या संबंधी सूचना प्राप्त प्राप्त होती है तो तत्काल उसका निराकरण कराएं। इसके साथ ही उन्होंने विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी को निर्बाध रूप से विद्युत सप्लाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुबे ने जिले में रबी विपणन के तहत उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए अब तक हुए उपार्जन की जानकारी लेते हुए शासन के निर्देशानुसार एफएक्यू गुणवत्ता की उपज का ही उपार्जन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला खाद्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को उपार्जन केन्द्रों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। बैठक में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पीएचई, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आरईएस, आदिम जाति कल्याण विभाग सहित अनेक विभागों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री आदित्य रिछारिया, डिप्टी कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

