रायसेन-नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग ने ऊर्जा साक्षरता अभियान मोबाइल एप का लोकार्पण किया। श्री डंग ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 25 नवम्बर, 2021 को ऊषा साक्षरता अभियान के शुभारंभ पर एप के माध्यम से भी ऊर्जा साक्षरता को घर-घर तक पहुँचाने के निर्देश दिये थे। अभियान में अब तक कम्प्यूटर के माध्यम से प्रदेश के लगभग 56 हजार लोग जुड़ चुके हैं। एप से ऊर्जा साक्षरता जन-जन तक पहुँचेगी, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की प्रगति को मिलेगा। अध्यक्ष ऊर्जा विकास निगम श्री गिर्राज दंडोतिया और प्रबंध संचालक श्री कर्मवीर सिंह भी मौजूद थे।
ऊर्जा साक्षरता अभियान मोबाइल एप के माध्यम से लोगों को अनावश्यक ऊर्जा खर्च बचाने, ऊर्जा के पारम्परिक एवं वैकल्पिक साधनों की जानकारी और इनका पर्यावरण पर प्रभाव, ऊर्जा संरक्षण के बारे में जागरूकता के साथ ऊर्जा उपयोग के प्रभाव और परिणामों की समझ विकसित होगी। गूगल प्ले स्टोर में मोबाइल एप तैयार किया गया है। ऊर्जा साक्षरता, ऊर्जा संरक्षण और ग्रीन ऊर्जा अपनाना आज समय की मांग बन चुका है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग का प्रयास है कि कम से कम 50 प्रतिशत ग्रीन ऊर्जा का उत्पादन करें। लगातार ऊर्जा खपत कम करने वाले जागरूक नागरिकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा।

