ग्रामीण अंचल में 10 दिन के भीतर तीसरी वारदात
जबलपुर । खेत की रखवाली करने वाले वृद्ध दम्पती पर तलवार से हमला कर महिला की हत्या कर दी गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। ग्रामीण क्षेत्र में जादू-टोना के शक में बीते 10 दिन के भीतर हत्या की यह तीसरी वारदात है। खमरिया के ग्राम पिपरिया में शुक्रवार की दोपहर आदिवासी छेदीलाल गौंड व उसकी पत्नी रुकमणि खेत में बने कमरे में बैठे थे तभी पड़ोस के खेत वाला कपिल यादव हाथ में तलवार लेकर आया और हमला कर दिया। रुकमणि की मौके पर मौत हो गई। कपिल उन पर जादू-टोना का संदेह करता था।
डायल-100 पर मिली वारदात की सूचना
खमरिया पुलिस के मुताबिक पिपरिया निवासी अनिल यादव के खेत को बेलखाडू कटंगी निवासी सौरभ पटेल ने सिकमी पर लिया है। खेत की रखवाली के लिए उसने बरगी के झपनी सगडा निवासी 69 वर्षीय छेदीलाल गौड़ व उसकी 65 वर्षीय पत्नी रूक्मणी बाई को रखा था। सौरभ ने वहीं के यदु यादव के खेत को भी सिकमी पर लिया है। उस खेत की भी रखवाली ये वृद्ध दंपती करते थे। यदु यादव के खेत के बगल में ही पिपरिया निवासी कपिल यादव का भी खेत है। इस कारण वह भी वृद्ध दंपती को जानता था। दोपहर करीब डेढ़ बजे छेदीलाल व रुकमणि अनिल यादव वाले खेत में बने एक कमरे में बैठे थे, तभी कांचघर निवासी कपिल यादव तलवार लेकर पहुंचा और दंपती पर वार कर दिया। रूक्मणी बाई की गर्दन व सिर में चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छेदीलाल के कंधे और हाथ में चोटें आई हैं। उसे मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है। खमरिया पुलिस को डायल-100 पर हत्या की खबर मिली। मौके पर एसआई बृजेश शुक्ला सहित स्टॉफ पहुंचा और छेदीलाल गौड को अस्पताल भिजवाया। मौके पर एफएसएल प्रभारी डॉ. सुनीता तिवारी, सीएसपी रांझी एमपी प्रजापति और एएसपी संजय अग्रवाल भी पहुंचे। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए कपिल की तलाश तेज कर दी है।
