जिले में 483 किसानों से 9932 क्विंटल गेहूं की हुई खरीदी
30 अप्रैल स्लाट बुक करा सकते हैं पंजीकृत किसान
रबी विपणन वर्ष 2022-23 में जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के लिए कुल 29 केन्द्र बनाये गये है। इन केन्द्रों पर अब तक 483 किसानों से 9932 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। इसी प्रकार चना की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए जिले में 09 केन्द्र बनाये गये है। इन केन्द्रों पर 126 किसानों से 2262 क्विंटल चने की खरीदी की जा चुकी है।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल ने बताया कि कृषको को वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए www.mpeuparjan.nic.in पर स्लॉट बुकिंग कर उपार्जन केन्द्र एवं दिनांक का चयन करने की सुविधा दी गई है। समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए अपना पंजीयन करने वाले किसानों से गेहूँ उपार्जन के लिये स्लाट बुकिंग की तारीख बढ़ाकर 30 अप्रैल 2022 तक कर दी गई है। इसके बाद स्लॉट बुकिंग की सुविधा बंद कर दी जायेगी।
किसानों द्वारा स्वयं के मोबाइल, लैपटॉप, एम.पी.ऑनलाइन केंद्र, सीएससी केंद्र, समिति केंद्र व साइबर कैफे के जरिये गेहूँ के विक्रय के लिए 30 अप्रैल तक स्लॉट की बुकिंग की जा सकती है। एमपीआनलाईन, सीएससी, लोक सेवा केन्द्र, इंटरनेट कैफे पर प्रति स्लाट बुकिंग का शुल्क 10 रुपये रखा गया है। जबकि स्वयं के मोबाईल से या उपार्जन केन्द्र पर नि:शुल्क स्लाट बुकिंग की जा सकती है।

