रायसेन, 29 अप्रैल 2022
प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण श्री फैज अहमद किदवई ने बताया कि प्रदेश में गुरूवार तक 32 लाख 24 हजार 204 मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया गया। अब तक 3 लाख 87 हजार 808 किसानों को 1948 करोड़ 10 लाख रूपये उनके खातों में ऑनलाइन अंतरित किये गये है। उन्होंने बताया कि भुगतान में पारदर्शिता के लिये पी.एफ.एम.एस. (पब्लिक फाइनेंसियल मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल के माध्यम से राशि किसानों के खातों में जमा की जा रही है। प्रमुख सचिव श्री किदवई ने बताया कि 28 अप्रैल को एक दिन में 78 हजार 108 मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया गया। इसमें 10 हजार 530 किसानों को 307 करोड़ 3 लाख रूपये की राशि का ऑनलाइन भुगतान किया गया।

