रायसेन -जिले में रबि विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूॅ उपार्जन हेतु जिला उपार्जन समिति के निर्णय अनुसार 141 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें गोदाम वेयरहाउस स्तरीय केन्द्र सहकारी संस्था तथा स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित 88 उपार्जन केन्द्र हैं तथा सहकारी समिति स्तरीय 29 उपार्जन केन्द्र हैं। इनके अतिरिक्त 24 गोदाम वेयरहाउस स्तरीय केन्द्र वेयर हाउस संचालक द्वारा स्वयं संचालित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री अरविन्द दुबे ने शासन द्वारा निर्धारित एफएक्यू के अनुरूप ही समर्थन मूल्य पर खरीदी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित उपार्जन केन्द्र पर किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए उपार्जन केन्द्र संचालन संबंधित सहकारी समिति, स्व-सहायता समूह तथा वेयर हाउस संचालक उत्तरदायी होंगे। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर उसके निराकरण हेतु तत्काल संबंधितों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपार्जन कार्य 04 अप्रैल से प्रारंभ हो गया है जो कि 16 मई 2022 तक किया जाएगा। उपार्जन कार्य सोमवार से शुक्रवार तक प्रातः 08 बजे से रात्रि 08 बजे तक किया जाएगा तथा कृषक तौल पर्ची शाम 06 बजे तक जारी की जाएगी।
कलेक्टर श्री दुबे द्वारा उपार्जन केन्द्रों पर उपज बेचने आने वाले किसानों के लिए छायादार बैठक व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। शासन के निर्देशानुसार किसानों का भुगतान जेआईटी पोर्टल से होगा। उपार्जन केन्द्रों पर प्राप्त ईपीओ पर डिजीटल हस्ताक्षर कर पोर्टल सबमिट करने एवं भुगतान से संबंधित सीएम हेल्पलाईन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु उपायुक्त सहकारिता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक प्रभारी होंगे।

.jpg)