Type Here to Get Search Results !

सुहास भगत की आरएसएस में वापसी, बने बौद्धिक प्रमुख,जबलपुर होगा मुख्यालय

नए संगठन मंत्री पर विचार, फिलहाल हितानंद शर्मा को जिम्मेदारी 

। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में वापसी हो गई है। उन्हें संघ के बौद्धिक वर्ग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में सुहास भगत को मध्य क्षेत्र (मप्र-छग)का बौद्धिक प्रमुख नियुक्त किया गया है। उनका मुख्यालय जबलपुर होगा। उनके स्थान पर प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को प्रदेश संगठन महामंत्री बनाए जाने की चर्चा है पर अभी इसकी पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल संगठन मंत्री की जिम्मेदारी हितानंद शर्मा संभालेंगे।

 6 साल पहले सुहास भगत ने संभाली थी संगठन की जिम्मेदारी

वर्ष 2016 में सुहास भगत को संघ से भाजपा में भेजा गया था। उस समय संगठन और सत्ता में समन्वय को सुदृढ़ करने की आवश्यकता को महसूस करते हुए ये निर्णय लिया गया था। भगत ने प्रदेश बीजेपी में नई पीढ़ी वाली भाजपा बनाने में बड़ा योगदान दिया। उनके कार्यकाल में मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बना जहां पर सभी मण्डल अध्यक्ष 40 वर्ष से कम आयु के हैं। उन्होंने सभी महानगरों में युवाओं को जि़ला अध्यक्ष नियुक्त करने में बड़ी भूमिका निभाई है। साथ ही संगठन के साथ उनके तालमेल की बदौलत संगठनात्मक नियुक्तियों में विधायकों के एकाधिकार को समाप्त किया गया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की 2020 में समर्थक विधायकों के साथ बीजेपी में एंट्री के बाद पार्टी के अलग अलग धड़ों के साथ समन्वय स्थापित करने में भी सुहास भगत की बड़ी भूमिका रही। इसके अलावा मध्यप्रदेश के संगठन को डिजिटिलाइज बनाने के लिए हुए फैसले के अंतर्गत बूथ विस्तार करने और बूथों को डिजिटाइज करने में भी भगत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगत अपने पूरे कार्यकाल में निर्विवादित होकर सबको साथ लेकर काम करते रहे और उपचुनाव के दौरान छोटी छोटी टोलियों के माध्यम से बीजेपी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने का काम उन्होंने बखूबी निभाया है जो पार्टी की जीत में महत्वपूर्ण साबित हुई है। गौरतलब है भगत की माता शुभांगी भगत का निधन पिछले दिनों हो गया है। इस कारण भगत इस समय इंदौर में हैं। उनकी माता के अंतिम संस्कार के वक्त मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अनेक नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। 2 दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शुभांगी भगत को श्रद्धांजलि देने सुहास भगत के इंदौर स्थित निवास पहुंचे थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.