मेरठ में प्रेमी से दिलवाई सुपारी, तलाश में जबलपुर आई यूपी पुलिस
जबलपुर। महिला प्रोफेसर ने डीन पद हासिल करने मेरठ की सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी के डीन प्रो राजवीर सिंह पर जानलेवा हमला करा दिया। प्रेमी के साथ मिलकर एक शूटर को 5 लाख की सुपारी देने वाली महिला प्रोफेसर जबलपुर के वेटरनरी कॉलेज में पढ़ी है और 2014 में कृषि विवि में पदस्थ हुई थीं। डीन पर प्राणघातक हमला कराने के बाद से महिला प्रोफेसर फरार हैं, उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम जबलपुर आई है। हमले के बाद फरार,पिता पुलिस अधिकारी थे ..... वेटरनरी कॉलेज की महिला प्रोफेसर आरती भटेले का मायका जबलपुर में है। उनके पिता पुलिस विभाग में बड़े पद पर पदस्थ रह चुके हैं। वहीं एक भाई जबलपुर में डॉक्टर हैं। आरती भटेले का कृत्य सुनकर मायके वाले भी फिलहाल सन्न हैं। इस हाईप्रोफाइल हमले के खुलासे के बाद से आरती भटेले फरार चल रही हैं। बताया जाता है कि आरती वकील के माध्यम से कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगा चुकी हैं। मामले की सुनवाई 30 मार्च को है, आरती का मोबाइल भी बंद है।
6 दिन पहले हुआ सनसनीखेज गोली कांड
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय मेरठ के अधिष्ठाता/डीन प्रो. राजवीर सिंह बागपत में हेवा गांव के रहने वाले हैं। वह कंकरखेडा के डिफेंस कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। वे कृषि विश्वविद्यालय के वेटनरी कॉलेज में डीन (संकाय अध्यक्ष) के पद पर हैं। 11 मार्च की शाम वह कॉलेज से अपने घर जा रहे थे और जैसे ही दौराला थाना क्षेत्र में मोदीपुरम कृषि यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने प्रोफेसर की कार रु कवाते हुए उन पर पिस्टल से दनादन गोलियां बरसा दीं। राजवीर सिंह को सात गोलियां लगीं, लेकिन उनकी जान बच गई है। 22 मार्च को एसएसपी मेरठ प्रभाकर चौधरी ने खुलासा करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय की प्रोफेसर आरती भटेले ने अपने प्रेमी अनिल बालियान के साथ मिलकर हमला कराया था। राजवीर की मौत के बाद प्रोफेसर आरती खुद डीन बनना चाहती थीं। 50 साल की प्रो. आरती भटेले मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं। वह 2014 में कृषि विश्वविद्यालय में आईं थीं, पति से तलाक हो चुका है। यहां आरती की पहचान प्रापर्टी डीलर अनिल बलियान से हुई।
प्रापर्टी डीलर अनिल बलियान से 7 साल पहले जुड़े संबंध
2014 में अनिल बलियान ने अपनी बेटी आकांक्षा का एडमिशन कराया था। उसके बाद प्रो. आरती और अनिल बलियान के संबंध जुड़ गए। जब अनिल बालियान की पत्नी और परिवार को इस बात का पता चला, तो हंगामा मच गया। अनिल को छोड़कर उसकी पत्नी मायके में रहने लगी। हत्या की सुपारी प्रोफेसर आरती ने अपने प्रेमी अनिल बलियान के साथ मिलकर दी थी। प्रो. आरती ने अपने प्रेमी अनिल से कहा कि राजवीर सिंह यदि रास्ते से हट जाए, तो वह डीन बन जाएगी। अनिल बलियान को लालच दिया कि उसकी बेटी को यूनिवर्सिटी में नौकरी दे देगी।
तथाकथित प्रेमी अनिल ने बुलाए शूटर
अनिल बलियान ने अपने साथी प्रॉपर्टी डीलर मुनेंद्र बाना को भी साथ ले लिया। मुनेंद्र हापुड के चितौली गांव का प्रधान है। 11 मार्च को आरती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर डीन राजवीर सिंह पर हमला कराया। मोबाइल की कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। पुलिस ने मामले में अनिल बालियान, मुनेन्द्र बाना और शूटर नदीम निवासी हसनपुर थाना हाफिजपुर जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया है।
