Type Here to Get Search Results !

पल्स इंडिया कंपनी के झांसे में आए लोग लाखों रुपए लुटा बैठे, फिर पहुंचे पुलिस के पास

रकम दोगुनी करने का झांसा, यादव कॉलोनी चौकी पहुंचे लोग 

जबलपुर। रानीताल सवरेदय नगर में रहने वाले अनेक परिवारों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 2 चीटिंगबाज भाईयों ने लाखों रुपए हड़प लिए। पल्स इंडिया लिमिटेड कंपनी के नाम पर दोनों भाई प्रतिमाह रुपए की उगाही करते रहे। 2 -3 साल तक हर माह किश्त देने के बाद मोहल्ले वालों को पता चला, कि रुपए एकत्र करने वाले लोग फर्जीवाड़ा कर रहे हैं, जिसके बाद कुछ लोग कलेक्शन एजेंट के घर पहुंचकर जमा की गई राशि वापस मांगने लगे। चीटिंगबाजों ने लोगों के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद 2 दर्जन से अधिक लोगों ने यादव कॉलोनी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत आवेदन देकर आरोपियों पर धोखाधड़ी दर्ज कर जमा की गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। 

 पापा राव और सीएच राव ने सवरेदय नगर में फैलाया जाल

लक्ष्मी कोयरी निवासी सवरेदय नगर रानीताल ने पुलिस को बताया, कि क्षेत्र के कई महिला एवं पुरुषों को झांसा देते हुए सीएस पापाराव और उसके भाई सीएच रामाराव ने पल्स इंडिया लिमिटेड कंपनी में रुपए लगाने के लिए प्रतिमाह निर्धारित रकम किश्त के रूप में ली है। पापाराव और उसका भाई घर आकर वसूली करते हुए रुपए ले जाते थे और जल्द से जल्द रकम दोगुनी कर वापस करने की बात कहते थे। लक्ष्मी कोयरी ने पुलिस को बताया, कि दोनों भाई उससे करीब 90 हजार रुपए, पड़ोस में रहने वाली लक्ष्मी देवी से 1 लाख रुपए, चाची कनम्मा से 25 हजार रुपए, मनमद से 30 हजार रुपए ले चुके हैं। आरोपियों ने क्षेत्र के करीब-करीब सभी घरों से इस तरह की सालों वसूली की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सवरेदय नगर क्षेत्र में किन-किन लोगों से रकम ऐंठी गई है, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की प्राथमिक जांच-पड़ताल के बाद पुलिस आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध करेगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.