एग्जिट पोल के अनुमान से भाजपा गदगद, सियासी दावे तेज
नई दिल्ली। यूपी चुनाव में सातवें चरण की वोटिंग खत्म होने के 5 राज्यों के एग्जिट पोल आए। इन अनुमानों पर विश्वास करें तो यूपी में मोदी-योगी का डबल इंजन दौड़ेगा और पंजाब के कशमकश भरे चुनाव में आम आदमी पार्टी की झाडू ने कांग्रेस को साफ कर दिया है। अब तक आए 7 एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब और उत्तराखंड में सत्ता बदल सकती है। पंजाब में आम आदमी पार्टी और उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने का अनुमान है। जी न्यूज-डिजाइन बॉक्स के पोल के मुताबिक मणिपुर में भाजपा की सरकार बरकरार रहने का अनुमान है। गोवा के एग्जिट पोल में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से दूर है। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अधिकांश पोल में बीजेपी की वापसी का अनुमान है। यहां बीजेपी को 207 से 217 सीटें मिलने का अनुमान है। समाजवादी पार्टी 161 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहने की संभावना है। दो अन्य एग्जिट पोल में भी भाजपा ही वापसी करती नजर आ रही है।
रिकार्ड : 20 साल में 37 बड़े एग्जिट पोल, 90 फीसदी साबित हुए गलत
पिछले 5 लोकसभा चुनाव, यानी 1999 से लेकर अब तक 2019 तक 37 बड़े एग्जिट पोल आए, लेकिन इनमें करीब 90 फीसदी अनुमान गलत साबित हुए। 1999 में हुए चुनाव में ज्यादातर एग्जिट पोल्स ने एनडीए की बडी जीत दिखाई थी। उन्होंने एनडीए को 315 से ज्यादा सीटें दी थीं। नतीजों के बाद एनडीए को 296 सीटें मिली थीं।
** 2004 में एग्जिट पोल पूरी तरह से फेल साबित हुए। अनुमानों में दावा किया गया था कि कांग्रेस की वापसी नहीं हो रही। सभी ने भाजपा को बहुमत मिलता दिखाया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। एनडीए को 200 सीट भी नहीं मिल सकीं। इसके बाद कांग्रेस ने सपा और बसपा के साथ मिलकर केंद्र में सरकार बनाई।
** 2009 में भी एजेंसियों ने यूपीए को 199 और एनडीए को 197 सीटें मिलने के कयास लगाए गए थे, लेकिन यूपीए ने 262 सीटें हासिल की थीं। एनडीए 159 सीटों पर सिमटकर रह गया था।
** 2014 में एग्जिट पोल्स ने एनडीए को बहुमत मिलता दिखाया था। एक एजेंसी ने भाजपा को 291 और एनडीए को 340 सीटें मिलने का कयास लगाया था। नतीजा, अनुमान के काफी करीब रहा। भाजपा को 282 और एनडीए को 336 सीटें मिलीं।
** 2019 के लोकसभा चुनाव की बात करें तो 10 एग्जिट पोल्स में एनडीए को दी गई सीटों का औसत 304 था। यानी एनडीए को दोबारा सत्ता मिलने का अनुमान ठीक था, लेकिन यहां भी सीटों के मामले में अनुमान गड़बड़ हो गए। नतीजों में एनडीए की बजाय अकेले भाजपा को 303 सीटें मिलीं। एनडीए के खाते में 351 सीटें आईं।
** बिहार के विधानसभा चुनाव के वक्त एग्जिट पोल सबसे सटीक रहा था। जिसमें एनडीए को 120 से 127 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। नतीजों में एनडीए को 125 सीटें मिलीं। जबकि ज्यादातर खबरिया चैनलों के एग्जिट पोल में महागठबंधन की सरकार बनने का अनुमान जताया गया था।