फिल्म पर सियासी घमासान के बीच 20 दिन पुराना वीडियो वायरल, कांग्रेस का हमला
भोपाल। कश्मीरी पंडितों के पलायन और अत्याचार पर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स पर देश भर में छिड़े सियासी घमासान के बीच फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री का एक बयान चर्चा में आ गया है। विवेक का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होने भोपालियों को होमोसेक्सुअल और नवाबी शौक वाला ठहराया है। यह बात विवेक अग्निहोत्री ने करीब 20 दिन पहले एक वेब न्यूज पोर्टल से बातचीत में कही थी, लेकिन उस पर बहस इसलिए शुरू हो गई क्योंकि शुक्रवार को विवेक भोपाल आए और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मुलाकात की।
ऐसा क्या कह दिया फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने
द कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर चल रही पक्ष-विपक्ष की बातों के बीच फिल्म के डायरेक्टर का वीडियो सामने आया है जिसमें वे कह रहे हैं कि मैं तो भोपाल में पला-बड़ा हुआ हूं, लेकिन मैं भोपाली नहीं हूं। क्योंकि, भोपाली का एक अलग कोनोटेशन है। किसी भोपाली से पूछिए। मैं आपको कभी अकेले में समझाऊंगा। लोग बोलेंगे ये भोपाली हैं, उसका मतलब जनरली होता है कि ये होमोसेक्सुअल है। नवाबी शौक वाला व्यक्ति है। इस वीडियो के बाद फिल्म पर पहले से आक्रामक कांग्रेस को इस पर टिप्पणी करने का अवसर मिल गया। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर कहा है कि जो व्यक्ति मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लोगों का खुलेआम मजाक उड़ा रहा है, भोपाल की पहचान होमोसेक्सुअल बता रहा है, उसका प्रदेश के मुखिया शाल ओढ़ाकर, गुलदस्ता देकर सम्मान कर रहे हैं। शायद उनकी राय से सहमत होंगे। हिम्मत दिखाते, मिलने से मना करते, माफी मंगवाते। एक दूसरे ट्वीट में सलूजा ने कहा कि यह प्रदेश व भोपाल की जनता का अपमान है, भोपाल व भोपालियत को बदनाम करने का आपने काम किया है।
सीएम ने कश्मीरी पंडितों की याद में पौधा लगाया
उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहाने ने द कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री के साथ स्मार्ट सिटी उद्यान में भोपाल निवासी कश्मीर विस्थापितों की याद में बेल, रुद्राक्ष व शमी के पौधे लगाए। सीएम ने बेल को शारदा, रुद्राक्ष को शिव और शमी को स्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति श्यामा नाम से रोपित किया।