Type Here to Get Search Results !

महंगाई का झटका मारेगा बिजली बिल, आयोग ने जनता की सुनवाई कर दी अनसुनी

केंद्र सरकार ने बीमारों पर बढ़ाया बोझ, 11 फीसदी बढ़े दवाईयां के रेट

 भोपाल। विद्युत नियामक आयोग ने जनसुनवाई अनसुनी करते हुए बिजली के नए टैरिफ को मंजूरी दे दी है और सभी सेक्टर में मिलाकर बिजली 2.64 प्रतिशत महंगी हो गई है। यह आदेश लागू होने के बाद 8 अप्रेल से बिजली बिल महंगाई का झटका मारेंगे। उधर, केंद्र सरकार ने बीमारों के लिए इलाज महंगा कर दिया है। 1 अप्रेल से 8 सौ से अधिक दवाईयों के रेट 11 फीसदी बढ़ा दिए जाएंगे। 

घरेलु बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा आर्थिक भार

 नियामक आयोग द्वारा जारी आदेश का सबसे अधिक असर घरेलू बिजली उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। आयोग के अनुसार 30 यूनिट तक बिजली पर तीन रुपए बिल बढ़ जाएगा। वहीं 100 यूनिट तक बिजली जलाने वाले उपभोक्ता को 23 रुपए अधिक देना होंगे। बिजली खपत 500 यूनिट तक होती है तो 123 रुपए नए बिल में जुड़ कर आएगा। इस तरह बिजली के टैरिफ में 2 से 2.75 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। आयोग के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 45971 करोड़ रुपए की आवश्यकता है। वर्तमान विद्युत-दर (टैरिफ) में राजस्व अंतर की राशि रुपए 1181 करोड़ रुपए के अंतर की भरपाई के लिए ये वृद्धि की है। घरेलू उपभोक्ताओं पर सबसे अधिक मार पड़ेगी। फिक्स चार्ज 5 रुपए से लेकर 12 रुपए तक बढ़े हैं। सबसे अधिक मिडिल क्लास पर भार पड़ेगा, जो वर्ग 50 से लेकर 150 यूनिट खर्च करता है। उसका सबसे अधिक बिल बढ़ा है।

 इलाज पहले से महंगा अब दवाइयां खरीदने में भी कटेगी जेब

 पहले से ही कीमतों में वृद्धि से जूझ रहे उपभोक्ताओं को अब अपने घरेलू बजट में दवा की ऊंची कीमतों को भी ध्यान में रखना होगा। 1 अप्रैल से आवश्यक दवाएं जैसे, दर्द निवारक, एंटी-इनफेक्टिव, कार्डियक और एंटीबायोटिक्स आदि महंगी हो जाएंगी। सरकार ने कंपनियों को वार्षिक थोक मूल्य सूचकांक में बदलाव के अनुरूप वृद्धि की अनुमति दे दी है। नेशनल फार्मा प्राइसिंग अथॉरिटी ने 800 से अधिक जरूरी दवाओं की कीमतों में करीब 11 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया। जिन दवाओं के दाम बढ़ाए गए हैं, उन्हें आवश्यक दवाइयों की श्रेणी में गिना जाता है और ये नेशनल एसेंशियल लिस्ट ऑफ मेडिसिन में आती हैं। ये दवाएं हैं- एंटीबायोटिक्स, सर्दी-खांसी की दवाएं, एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स, कान-नाक और गले की दवाएं, एंटीसेप्टिक्स, पेन किलर, गैस की दवाएं और एंटीफंगल दवाएं। करीब 800 से ज्यादा दवाएं हैं । इन दवाओं के दाम अब 1 अप्रैल से 10.76 फीसदी तक बढ़ जाएंगे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.