वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा के अमृत महोत्सव में बोले मुख्यमंत्री
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपने लिए जिए तो क्या जिए, रघुनंदन शर्मा उस व्यक्तित्व का नाम है जिसने सारा जीवन पार्टी और संगठन के लिए समर्पित किया। वे 75 वर्ष की उम्र में भी भाजपा के लिए उपयोगी हैं और रहेंगे। सीएम शिवराज रवींद्र भवन में आयोजित पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा के अमृत महोत्सव व अभिनंदन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। रघुजी के जीवन और संगठन में कार्य करते उनके सानिध्य की कई बातें आत्मीय भाव से बताते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा में काम करते-करते स्वाभाविक रूप से कार्यकर्ता रूठ जाता है। हम भी रूठ कर जैत चले गए थे और अपने खेत-खलिहान देखने लगे थे। तब रघुजी ने विपिन को भेजा कि शिवराज को बुलाकर लाओ। हमने भी सोचा कि एक बार जाने में क्या हर्ज है, लेकिन रघुनंदन जी ने मुङो ऐसा पटाया कि फिर पार्टी के काम में लग गए। अमृत महोत्सव में हरियाणा-त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी,पूर्व संगठन मंत्री माखन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटैल, फग्गनसिंह कुलस्ते सहित भाजपा के दिग्गज नेता उपस्थित रहे।
टिकट कट जाए तो विधायक बेचैन हो जाते हैं
मुख्यमंत्री ने संघ के विस्तारक से लेकर संगठन मंत्री और कार्यालय मंत्री के रूप में रघुनंदन शर्मा की काबिलियत की विस्तार से चर्चा की और कहा कि मैं मानता हूं कि कार्यालय का काम इतना महत्वपूर्ण है यदि कार्यालय में कार्यालय मंत्री व्यविस्थत न रहे तो सारी गतिविधियां अव्यविस्थत हो जाती हैं। शिवराज ने कहा कि यदि कोई एक बार विधायक बन जाए और बाद में उसे पता चले कि टिकट कट रही है तो वह बेचैन हो जाता है, लेकिन रघुजी ने ठाकरे जी के कहने पर तय कर लिया था कि कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे तो उस पर कायम रहे।
चलती ट्रेन में मैने देखा रघुजी का रौद्र रूप
रघुजी का स्नेह पाने और उनके मार्गदर्शन में काम करने के किस्से सुनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विनम्र व कार्यकर्ता से निर्मल-स्नेह भाव रखने वाले रघुनंदन जी का मैंने रौद्र रूप भी देखा है। उन्होने बताया कि एक बार हम लोग ट्रेन से विजयवाड़ा जा रहे थे, कैलाश सारंगजी भी साथ थे। हम लोगों की सीट पर तीन-चार हट्टे कट्टे लोगों ने कब्जा कर रखा था। समझाने के बाद नहीं माने तो रघुजी ने उनके बाल पकड़कर जोर दिखाया। सीएम ने बड़े रोचक अंदाज में कहा कि मैं बहुत दुबला-पतला था तो रघुजी ने मुङो घी पिलाया, हालांकि उसके बाद भी मैं मोटा नहीं हो पाया। सीएम ने कहा कि आपका अभिनंदन इसलिए कर रहे हैं रघु जी कि आपने सारा जीवन भारत माता के चरणों में समिर्पत किया। हम सब जेल के अंदर थे तब रघुजी ने मीसाबंदियों के परिवारों की चिंता की।
मंचासीन अतिथियों ने आयोजन समिति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की
गरिमामय कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों ने रघुनंदन शर्मा अमृत महोत्सव की आयोजन समिति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों सहित सभी अतिथियों ने आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता, महामंत्री शैलेंद्र प्रधान, आलोक संजर एवं कार्यक्रम के संयोजक धीरज पटेरिया को साधुवाद दिया।