श्योपुर, 02 मार्च 2022
उज्जैन शहर के लिये कल का दिन गौरव का दिन साबित हुआ। उज्जैन की जनता ने रामघाट, दत्त अखाड़ा, नृसिंह घाट, गुरूनानक घाट, सुनहरी घाट पर एकसाथ 11 लाख 71 हजार 78 दीये जलाकर विगत नवम्बर में अयोध्या में बनाये गये 9 लाख 41 हजार के दीप प्रज्जवलन के रिकार्ड को तोड़कर नया रिकार्ड स्थापित कर दिया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह के साथ क्षिप्रा नदी के रामघाट पर 15 दीये प्रज्जवलित कर “शिव ज्योति अर्पणम’’ कार्यक्रम की शुरूआत की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में हर साल इसी तरह महाशिवरात्रि मनेगी।

