क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के एजेंट की करतूत
जबलपुर। कोचिंग क्लास चलाने वाले सिविल लाइन निवासी नईम खान को उनके स्टूडेंट के परिजनों ने झांसा देकर बड़ी रकम ऐंठ ली। धोखाधड़ी करने वालों ने फोरेक्स कंपनी (मुद्रा टांसफर) तथा समय क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में निवेश की रकम को 6 साल में दोगुनी करने की बात कही और रकम ऐंठ ली। पुलिस ने धोखाधड़ी करने वालों पर धारा 420 का अपराध दर्ज किया है। ओमती पुलिस ने बताया कि नईम खान निवासी साउथ सिविल लाइन कोचिंग क्लास चलाते हैं। कोचिंग में पढ़ने वाले एक छात्र के परिजन पूनम अहूजा और उसके पति मनोहर लाल आहूजा निवासी द्वारका नगर से नईम खान की बातचीत होने लगी। मनोहर अहूजा ने नईम खान से कहा कि वह सहारा कंपनी में मैनेजर है और मेरा साला फोरेक्स कंपनी (मुद्रा टांसफर) तथा समय क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में सह मालिक है। आप इस कंपनी में निवेश करें और 6 साल में रकम दोगुनी हो जाएगी। चिटिंगबाजों के झांसे में आए नईम खान ने इन्हें धीरे-धीरे बड़ी रकम दे दी,जिसके बाद अब यही लोग रकम वापस करने से इंकार कर रहे हैं। ओमती पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।