विहिप-बजरंगदल व व्यापारियों ने एसपी के कदम को उचित ठहराया
जबलपुर। गोरखपुर थाने की टीआई अर्चना नागर को लाइन अटैच करने की कार्रवाई पर गोरखपुर व्यापारी संघ एवं विश्व हिंदू परिषद द्वारा हर्ष जताते हुए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा की गई कार्रवाई को उचित ठहराया है। एसपी कार्यालय पहुंचे विहिप, बजरंग दल वे व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने एसपी के नाम एएसपी शिवेष सिंह बघेल को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जनता व व्यापारियों के साथ अनुचित व्यवहार की ढेरों शिकायतों पर आला अधिकारियों के निर्देश पर विभाग द्वारा टीआई को लाइन अटैच करने का कदम सर्वथा उचित है। विहिप व बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा है कि हम सब सामाजिक कार्य में सक्रिय रहकर हिंदू समाज की सेवा करते हैं। गोरखपुर टीआई अर्चना नागर संगठन के कार्यकर्ता और क्षेत्र के व्यापारी बंधुओं के साथ अभद्रता से पेश आती रहीं। बीते दिनों एक कार्यकर्ता के साथ अभद्रता की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की गई थी जिसमें तत्कालीन एएसपी रोहित काशवानी द्वारा जांच कमेटी बनाकर रिपोर्ट पेश की गई थी। इसी जांच के आधार पर एसपी ने टीआई के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अर्चना नागर को थाने से हटाया। इसी तरह थाने पहुंचने वाले व्यापारियों के साथ अनुचित व्यवहार करने की शिकायतें की गई थी। विहिप-बजरंगदल के यतींद्र उपाध्याय, निखिल आदि के साथ पहुंचे व्यापारियों व कार्यकर्ताओं ने एसपी के नाम धन्यवाद पत्र सौंपकर कहा कि टीआई अर्चना नागर को लाइन अटैच करने की कार्रवाई से पुलिस के आलाअधिकारियों पर जनता का विश्वास कायम हुआ है। देर शाम sp ने आर्चना नागर को निलंबित कर दिया है।