जनशताब्दी से उतर कर खड़ी थी, जीआरपी ने सौंपा
जबलपुर। परिजनों की किसी बात से नाराज होकर शनिवार को भोपाल से भागी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को मदन महल जीआरपी ने ढूंढ निकाला। जीआरपी की सूचना पर नाबालिग लड़की के परिजन भोपाल से सुबह जबलपुर पहुंचे जहां आवश्यक कार्रवाई के पश्चात मदन महन महल जीआरपी ने बच्ची को उनके परिजनों को आज पूर्वान्ह सौंप दिया। इस घटना में बच्ची को ढूंढने में मदन महल जीआरपी की सराहनीय भूमिका रही। मदन महल जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि नाबालिग बच्ची भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्रअंतर्गत रहती है। शनिवार को सुबह 8 बजे किसी बात को लेकर लड़की बगैर किसी को बताए अचानक घर से निकल गई थी। परिजनों ने दिन भर बच्ची की पतासाजी की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो दोपहर बाद पिपलानी थाना में बच्ची की गुमशुदगी शिकायत दर्ज करवा दी गई। पिपलानी थाना प्रभारी द्वारा अन्य थानों को सूचना देने के साथ ही जीआरपी कंट्रोल रूम को बच्ची की गुमशुदगी की सूचना दी गई और उसका हुलिया भी बताया, जिसके आधार पर मदन महल जीआरपी ने भोपाल से मदन महल आने वाली सभी ट्रेनों की तलाश की। बताया जाता है कि मदन महल स्टेशन पर जब चौकी प्रभारी राजेश राज अपने दलबल के साथ जनशताब्दी ट्रेन को चेक कर रहे थे तभी बताए गए हुलिया के आधार पर एक लड़की ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म पर खड़ी नजर आ गई। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर लड़की ने घर से भागना स्वीकार कर लिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि लड़की के परिजनों तथा थाना पिपलानी के प्रभारी को रात में ही सूचित कर दिया गया था। आज सुबह लड़की के परिजन ओवरनाईट एक्सप्रेस से मदन महल जीआरपी चौकी पहुंचे जहां लड़की को परिजनों को सौंप दिया गया।