कटनी (11 फरवरी)- जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से दुरूस्त रखें। जो भी कर्मचारी सफाई में लापरवाही कर रहे हैं, उनको नोटिस जारी करें। आने वाले मरीजों को परेशानी न हो, इस बात का भी ध्यान रखें। यह निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान दिए।
जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर श्री मिश्रा ने ओपीडी और पर्ची काउंटर का निरीक्षण किया। ओपीडी के बाहर परिसर में सफाई ठीक से नहीं पाए जाने पर संबंधित को नोटिस जारी करने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए। पर्ची काउंटर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कर्मचारियों से जानकारी ली और कक्ष स्वच्छ व सुंदर बनाने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने ओपीडी का निरीक्षण कर चिकित्सकों से आने वाले मरीजों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही ओपीडी में इलाज कराने आए वृद्ध ब्रजमोहन पयासी से जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं व इलाज को लेकर चर्चा भी की। ईसीजी कक्ष का निरीक्षण कर भी वहां पर दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी कलेक्टर श्री मिश्रा ने ली।
आकस्मिक चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने बेड की पुरानी चादरों को बदलने के निर्देश दिए। साथ ही मौजूद स्टॉफ से एमएलसी के संबंध में जानकारी ली और माइनर ओटी का भी निरीक्षण कर सभी सामग्री को व्यवस्थित करने के निर्देश प्रदान किए।
