रायसेन, 16 फरवरी 2022
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी शांति, प्रेम, सत्य और पुनर्जागरण के अग्रदूत थे। उनका जीवन त्याग, तपस्या और मानव-सेवा का महान उदाहरण है। हम सभी को उनके बताए जीवन-मूल्यों एवं उनके अनुरूप आचरण को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। यह बात स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर रायसेन वन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कही। इसके पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलित करते हुए संत शिरोमणि रविदास जी के चित्र पर माल्यापर्ण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरू रविदास जी ने अपने विचारों से दुनिया में सामाजिक एकता व समरसता का संदेश दिया। विभिन्न सामाजिक बुराइयों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। न्याय, समानता और सेवा पर आधारित उनकी शिक्षा हर युग में लोगों को प्रेरित करती रहेगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि, गुरू रविदास जी ने पूरे मानव समाज के कल्याण के लिए सभी का मार्गदर्शन किया है और हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पहली बार संत शिरोमणि रविदास जयंती मनाई जा रही है। ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों को इस कार्यक्रम के लिए अलग से राशि भेजी गई है। यह मुख्यमंत्री श्री चौहान की पहल के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं प्रारंभ की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, छात्रवृत्ति योजना, विदेश अध्ययन योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए आवासीय ज्ञानोदय विद्यालय संचालित किये जा रहे हैं। सरकार द्वारा कन्या शिक्षा प्रोत्साहन योजना, सिविल सर्विस की तैयारियों के लिए निःशुल्क कोचिंग सहित सहायता प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अरविन्द कुमार दुबे तथा समाज के गणमान्य नागरिकों ने भी संबोधित किया।
